Bhopal News: ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक विजेता विवेक सागर का जोरदार स्वागत, सीएम यादव से की मुलाकात
Bhopal News: पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाले और भारतीय हॉकी टीम के सदस्य डीएसपी विवेक सागर का भोपाल एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 435 से नई दिल्ली से भोपाल पहुंचे विवेक सागर का स्वागत कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने किया।
इस मौके पर मध्यप्रदेश पुलिस के डीआईजी एसएएफ मुख्यालय, डॉ. कल्याण चक्रवर्ती और 7वीं वाहिनी के कमांडेंट ने भी उनका स्वागत किया। मध्यप्रदेश पुलिस खेल विभाग के 50 खिलाड़ियों ने भी विवेक सागर की अगवानी की और उन्हें बधाई दी।

विवेक सागर का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, टीटी नगर स्टेडियम तक स्वागत रैली
विवेक सागर के स्वागत में एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़े बज रहे थे और प्रशंसक उनके नाम के नारे लगा रहे थे। एयरपोर्ट से विवेक की स्वागत रैली टीटी नगर स्टेडियम तक गई। इस दौरान उनकी मां कमला देवी, पिता रोहित सागर और भाई विद्यासागर भी उनके साथ थे।
सेमीफाइनल में हार के बारे में बात करते हुए विवेक ने कहा, "उस रात हमें नींद नहीं आई। बार-बार सेमीफाइनल की वो तस्वीरें दिमाग में चल रही थीं। वह हार हमारे लिए बहुत दर्दनाक थी। हम पूरी रात सोचते रहे कि काश हम और अच्छा कर सकते थे।"

विवेक सागर चांदौन गांव, जो इटारसी के पास स्थित है, के निवासी हैं और मध्यप्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। भारतीय हॉकी टीम में मिडफील्डर के तौर पर खेलते हुए विवेक ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर खुशी जाहिर की और कहा, "यह हमारे लिए एक बहुत ही खुशी का पल था। हमने इसका पूरा आनंद लिया। यह श्रीजेश भाई का आखिरी टूर्नामेंट था, इसलिए हमने यह मेडल उन्हें समर्पित किया है।"

सेमीफाइनल में हार पर दी प्रतिक्रिया
हार के बारे में विवेक ने कहा, "एक खिलाड़ी हमेशा चाहता है कि वह अपने देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करे और देश को आगे बढ़ाए।" उन्होंने अन्य खिलाड़ियों को भी सलाह दी कि वे निरंतर प्रयास करते रहें और कभी हार न मानें। भारतीय टीम की सफलता में गोलकीपर पीआर श्रीजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि पेरिस ओलंपिक उनके करियर का आखिरी टूर्नामेंट होगा।
मध्य प्रदेश सरकार देगी 1 करोड़ रुपए का इनाम
भोपाल पुलिस हेडक्वार्टर में तैनात विवेक सागर प्रसाद को मध्य प्रदेश सरकार 1 करोड़ रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को वीडियो कॉल के माध्यम से विवेक और उनकी टीम को बधाई दी। विवेक सागर दूसरी बार ओलंपिक में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इससे पहले, वे टोक्यो ओलंपिक 2020 में भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे। भारत ने लगातार दूसरे ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने का रिकॉर्ड 52 साल बाद बनाया है। इस जीत के बाद विवेक ने सभी का समर्थन करने के लिए धन्यवाद कहा।












Click it and Unblock the Notifications