दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में चुनावी दौरे के जरिए कांग्रेस पार्टी को निपटाने का कर रहे काम: Narottam Mishra
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में अपने चुनावी दौरे के जरिए कांग्रेस पार्टी को निपटाने का काम कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा अपने अजीबोगरीब बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं। ऐसा ही एक बयान उन्होंने आज राजधानी में दिया। दरअसल नरोत्तम मिश्रा ने इस बार विपक्षी दलों पर हमला करते हुए उनकी तुलना जानवरों से कर डाली। बता दे लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दल एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं। इसी लेकर मिश्रा ने विपक्ष पर निशाना साधा है।
मोदी जी के नाम की सुनामी
भोपाल में गुरूवार को मीडिया से चर्चा के दौरान गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने विपक्षी दलों के नेताओं की हो रही बैठकों को लेकर कहा कि जब सियार, हिरण, लोमड़ी इस तरह के जानवर एक घाट पर पानी पी रहे हों तो, यह मान लेना चाहिए दूसरे घाट पर शेर है। देश में मोदी जी के नाम की सुनामी चल रही है और विपक्षी नेताओं को मालूम है कि वह सब इसमें उड़ जाएंगे, इसलिए एक दूसरे का हाथ पकड़ रहे हैं। बता दे बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दिल्ली में कई नेताओं से मुलाकात की थी। विपक्षी दलों के नेताओं की हो रही इन बैठकों को लेकर ही नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है।
फूंके हुए बल्बों की जो झालरें यह रोशनी नहीं दे पाएंगी: मिश्रा
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विज्ञान का एक सिद्धांत है कि जब कोई एक फ्यूज सर्किट होता है तो वह दूसरे सर्किट को भी फ्यूज कर देता है और इसलिए ये फूंके हुए बल्बों की जो झालरें यह रोशनी नहीं दे पाएंगी। यह देश समझता है। यह चुनाव के समय इकट्ठे हो जाते हैं और झूठे सच्चे वादे करते हैं फिर चुनाव के बाद सब भूल जाते हैं।
दिग्विजय सिंह पर भी जमकर निशाना साधा
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर भी जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि दिग्विजय जी आपने पूरी कांग्रेस को उधेड़कर फेंक दी और हमारे सूटों की सिलाई पर ध्यान दे रहे हैं। कांग्रेस में दिग्विजय सिंह जैमर का काम कर रहे हैं। जो बचा कुचा नेटवर्क है उसको ध्वस्त करके मानेंगे। पिछले चार-पांच दिन से कमलनाथ जी कमलनाथ जी कह रहे हैं। कमलनाथ जी को समझ जाना चाहिए कि उनके लिए खतरे की घंटी प्रारंभ हो गई है।
कांग्रेस डूबता जहाज
मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है और इसका अंदाजा पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव के बयान से लगाया जा सकता है। कांग्रेस डूबता जहाज है। जिसमें कोई बैठना नहीं चाहता। सब छोड़ना चाहते हैं। मिश्रा ने जिलों में कांग्रेस नेताओं पर प्रचार पर रोक संबंधी पीसीसी के फरमान पर कहा कि मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता कुछ नहीं कर सकता। मध्य प्रदेश की कांग्रेस कमलनाथ कांग्रेस हो गई है। इसलिए कांग्रेस के पास कार्यकर्ता नहीं बचे हैं, इसलिए अब कांग्रेस एजेंसी और कंपनियों के सहारे चलने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications