दतिया में बछड़े के शव का सनसनीखेज मामला, बच्चों ने देखा मंजर; हिंदूवादी संगठनों का किला चौक पर प्रदर्शन
दतिया जिले में गोवंश से जुड़ा एक सनसनीखेज और भावनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरई टोर माता मंदिर के पास सड़क किनारे जंगल में गाय के एक बछड़े के शव से खाल उतारे जाने की घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि हिंदूवादी संगठन भी सड़कों पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

बच्चों ने देखा भयावह मंजर, आरोपियों ने दी धमकी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय कुछ बच्चे उस रास्ते से गुजर रहे थे। बच्चों ने देखा कि कुछ लोग जंगल में मृत बछड़े के शरीर से खाल उतार रहे हैं। बच्चों के शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी उन्हें डांट-फटकार कर डराने लगे और इसके बाद जंगल की ओर भाग निकले। बच्चों द्वारा यह जानकारी गांव और आसपास के लोगों तक पहुंचते ही मामला तेजी से फैल गया और लोगों में गुस्सा बढ़ता चला गया।
हिंदूवादी संगठनों का फूटा आक्रोश, किला चौक पर प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और बछड़े के शव को लेकर शहर के प्रमुख किला चौक पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए किला चौक पर यातायात बाधित हो गया, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गोवंश के साथ इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
पुलिस ने संभाली स्थिति, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। पुलिस ने बछड़े के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की वैज्ञानिक जांच की जा सके। पुलिस की मौजूदगी के बाद हालात पर काबू पाया गया और यातायात बहाल कराया गया।
आरोपियों की पहचान का दावा, जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शी बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बलवीर कुशवाहा को अपने कुछ साथियों के साथ मृत बछड़े के शरीर से खाल उतारते हुए देखा था। बच्चों के शोर मचाने पर आरोपी उन्हें धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है और इसकी गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तथ्यों को संकलित किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संगठनों की मांग-तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई
हिंदूवादी संगठनों ने घटना को अमानवीय और अत्यंत निंदनीय बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर कानूनी कार्रवाई और गोवंश संरक्षण को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि गोवंश के साथ इस तरह की घटनाएं समाज की संवेदनाओं को आहत करती हैं और इन्हें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
शहर में चर्चा का माहौल, पुलिस की नजर हर पहलू पर
फिलहाल इस घटना को लेकर दतिया शहरभर में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुटी हुई है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो सके।












Click it and Unblock the Notifications