Bhopal: बड़े तालाब पर आयोजित सबसे बड़े एयर शो के कारण भोपाल की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, CM शिवराज भी हुए शामिल
Bhopal News: शनिवार को भारतीय वायु सेना ने अपना 91वां स्थापना राजधानी भोपाल के बोट क्लब पर शौर्य दिखाकर मनाया। ये देश में अब तक का सबसे बड़ा एयर शो था। एयर शो को देखने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पत्नी साधना सिंह चौहान और बेटे कार्तिक चौहान के साथ बोट क्लब पर पहुंचे।
पूरे शहर में एयर फोर्स के फाइटर जेट्स को देखने के लिए दूर-दूर से लोग बड़े तालाब के किनारे पहुंच गए। हालांकि वोट क्लब पर चल रहे कार्यक्रम में पास धारक ही शामिल हो पाए। वही आम जनता बड़े तालाब के दूसरे किनारे से एयर फोर्स के करतबों को देखती रही।

राजधानी भोपाल में पहली बार इस तरह का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग बड़े तालाब पहुंच गए इस वजह से सड़कों पर जन सैलाब दिखाई देने लगा। मोती मस्जिद और पुराने भोपाल की सड़कों पर बाद जाम लग गया। 3 घंटे तक लोग निकलने के लिए मशक्कत करते रहे। इतना ही नहीं एयर शो खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी भीड़ ने घेर लिया। मामा जिंदाबाद के नारे भी लगाए। सीएम शिवराज भी जनता के बीच पहुंचे और सभी का अभिवादन किया।

सीएम शिवराज ने कहा कि आज भोपाल के आसमान में हमारे वायु सेना के जांबाजों ने जैसा प्रदर्शन किया, वह अद्भुत था। उसे देखकर मैं कह सकता हूं ऐसे जांबाज पायलट रहते हुए हमारा देश पूरी तरह से सुरक्षित है। मैं मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एयर शो के आयोजन के लिए वायु सेना का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। साथ ही भोपाल के नागरिकों को भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर वायुसेना की वीरता देखी। वायुसेना के सभी जांबाजों को प्रणाम।

एयर शो के दौरान गजब का नजारा देखने को मिला दरअसल, गजराज फॉर्मेशन में रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट IL-78 ने दो M-2000 लड़ाकू विमानों में आसमान में ही फ्यूल भरा। दो चिनूक हेलिकॉप्टर्स ने बड़े तालाब पर करतब दिखाए। पानी से कुछ फीट ही ऊपर पोजिशन होल्ड करके दिखाई। इसी पोजिशन में हेलिकॉप्टर ने राउंड लिए। तेजस ने टॉप स्पीड में हवा में गोते लगाए। इनके गर्जन से आकाश गूंज उठा। 9 सूर्य किरण विमानों ने 6 हजार फीट की ऊंचाई पर डायमंड शेप बनाया। भोजेश्वर महादेव के सम्मान में एयरक्राफ्ट्स ने प्रदर्शन कर आसमान में त्रिशूल का आकार बनाया।
इस रोमांचक कार्यक्रम का साक्षी बनने के लिए VIP रोड, वन विहार से लेकर राजाभोज सेतु तक हजारों की संख्या में दर्शकों की भारी भीड़ रही। घरों और होटलों की छतों और होर्डिंग पर खड़े होकर लोगों ने शो देखा।

एयर शो में सबसे पहले MI-17 V-5 हेलिकॉप्टर्स से आकाश गंगा टीम के 10 सदस्यों ने 8 हजार फीट की ऊंचाई से बड़े तालाब में पैराशूट से स्काई डाइविंग की। मनुआभान टेकरी से दो चिनूक हेलिकॉप्टर्स के उड़ान भरने के बाद ध्वज फॉर्मेशन में 4 चेतक हेलिकॉप्टर्स ने उड़ान भरी। इस बीच सुबह 10.17 बजे सीएम शिवराज सिंह चौहान, पत्नी साधना सिंह के साथ एयर-शो देखने पहुंचे।

पृथ्वी फॉर्मेशन में AN-32, C-130J सुपर हर्कुलस विमानों ने भी गजब के करतब दिखाए। 5 जगुआर एयरक्राफ्ट्स ने शमशीर फॉर्मेशन बनाया तो सारंग टीम के 4 HAL ध्रुव हेलिकॉप्टर्स ने हवा में दिल का शेप बनाया।












Click it and Unblock the Notifications