Bhopal News: भोपाल में शराब की दुकान पर लगी भीड़, मिला बड़ा ऑफर, एक बोतल पर एक फ्री
भोपाल में बीती रात शराब के शौकीनों को शराब की बोतल पर बड़ा ऑफर मिला। इसकी वजह से एमपी नगर और कोलार की शराब दुकान पर जमकर भीड़ उमड़ी।

राजधानी भोपाल की शराब दुकानों पर शुक्रवार रात 11बजे तक भीड़ देखने को मिली। शराब के शौकीन शराब खरीदने के लिए घंटों कतार में लगे रहे। दरअसल भोपाल में शराब दुकानों पर बड़ा ऑफर मिल रहा था। कहीं एक बोतल पर एक फ्री मिल रही थी तो कहीं 60% डिस्काउंट मिल रहा था। इसके चलते शाम से शराब दुकानों पर पैर रखने की जगह नहीं मिल रही थी। कोई झोले में तो कोई जेबों में भरकर बोतल ले जा रहा था।
बीती रात एमपी नगर जोन स्थित शराब दुकान पर 8:30 इतनी भीड़ थी कि खड़े रहने की जगह नहीं मिल पा रही थी। इस दुकान पर करीब 11 बजे तक शराब पीने वालों की लंबी कतार लगी हुई थी। अंग्रेजी शराब पर बड़ी छूट मिल रही थी। कई ब्रांड की शराब पर 50% यानी एक बोतल पर एक फ्री मिल रही थी। दुकानदार दो बोतल एक साथ खरीदने पर और अधिक छूट दे रहे थे। ऐसा ही नजारा कोलार में डी मार्ट के पास भी देखने को मिला। यहां भी शराब खरीदने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे
इतनी सस्ती शराब बेचने के पीछे की वजह
दरअसल भोपाल में शराब की 90 दुकानें है और 1 अप्रैल से प्रदेश में नई शराब नीति लागू हो रही है। ऐसे में कई ठेकेदारों ने ठेके वापस नहीं लिए हैं। उन्हें स्टॉक भी खत्म करना था। यही वजह है कि शराब पीने वालों को ऑफर देकर स्टॉक खत्म किया गया। ऑफर का फायदा उठाने के लिए शुक्रवार सुबह से ही दुकानों पर भारी भीड़ लगने लगी थी लेकिन शाम होते-होते यह भीड़ कतारों में बदल गई। राजधानी भोपाल में लोगों ने जमकर शराब की खरीदारी की। बताया जा रहा है कि शनिवार को रेट फिर से बढ़ सकते हैं।
आज से शराब अहाते बंद
बता दे राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा अनुसार आज यानी 1 अप्रैल से अहाते बंद हो जाएंगे। ऐसे में आबकारी अधिकारियों ने रात 11:30 बजे अहातों को लेकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि अगर आज से कोई भी अहाता खुला मिला तो पूरा सामान जप्त कर लिया जाएगा। अफसरों के अनुसार इसके लिए जिले में एक दर्जन टीमें बनाई गई है जो हाथों की जांच करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications