ED ने MP के पूर्व कानून मंत्री को कांग्रेस कार्यालय जाने से रोका तो बोले, मोदी सरकार कर रही लोकतंत्र की हत्या
सोनिया गांधी से लगातार तीसरे दिन ED की पूछताछ पर मध्यप्रदेश के पूर्व कानून मंत्री और विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
भोपाल, 27 जुलाई। नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से ED के द्वारा पूछताछ करने पर पूरे देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में जाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश से पूर्व मंत्री और भोपाल से विधायक पीसी शर्मा भी 26 जुलाई को प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे, लेकिन उन्हें कांग्रेस कार्यालय के अंदर घुसने ही नहीं दिया गया। जिसको लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। पीसी शर्मा के अलावा दिल्ली में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि मैं वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री हूं और मुझे ही नई दिल्ली स्थित अपनी पार्टी इंडियन नेशनल कांग्रेस (Indian National Congress) के मुख्यालय में नहीं जाने दिया जा रहा है। यह किस प्रकार की तानाशाही है , क्या देश में इमरजेंसी लागू हो गई है। मोदी सरकार की ये बौखलाहट और घबराहट देश देख रहा है।
बता दे कि नेशनल हेराल्ड केस में आज तीसरे दिन भी ED के सामने सोनिया गांधी पूछताछ के लिए पेश हुई है। इधर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का पार्टी के बड़े नेताओं के साथ जोरदार प्रदर्शन जारी है। संसद भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे मनीष तिवारी और कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
वन इंडिया के संवाददाता एलएन मालवीय से बात करते हुए कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि हमारे नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम आज राष्ट्रपति भवन की ओर आगे बढ़ रहे थे,लेकिन पुलिस ने हमें रोक लिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है।

उम्रदराज सोनिया गांधी को जबरन किया जा रहा है परेशान : पूर्व मंत्री शर्मा
भोपाल से दक्षिण पश्चिम के कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि सोनिया गांधी उम्रदराज हो चुकी है। इसके बावजूद सरकार द्वारा उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। ईडी को सारे दस्तावेज दिए जा चुके हैं उसके बावजूद लगातार सोनिया गांधी जी को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि युद्ध में किसी बीमार, महिला और वृद्ध असहाय व्यक्ति पर हमला नहीं किया जाता है, लेकिन भाजपा की मोदी सरकार ने तो राजनीति में सारी हदें पार कर दी। सिर्फ कांग्रेस प्रेसिडेंट होने के कारण सोनिया गांधी को परेशान किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications