'दिग्गी' का वॉर रूम तैयार : भोपाल में भाजपा का 30 साल पुराना गढ़ ढहाने के लिए बनाई यह रणनीति
Bhopal News, भोपाल। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Election 2019) में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है, क्योंकि 30 साल से बीजेपी के अभेद दुर्ग में तब्दील हो चुकी भोपाल लोकसभा सीट को फतह करने के लिए कांग्रेस ने दिग्विजय को यहां से मैदान में उतारा है।

ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने अपनी चाणक्य निति से भाजपा को मात देने के लिए स्पेशल वॉर रूम बनाया है। जहाँ से वे हर मोर्चे पर रणनीति बनाएंगे। भोपाल लोकसभा सीट जीतना दिग्विजय सिंह के लिए साख का सवाल बन गया है। अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए दिग्गी ने पूरी ताकत झोंक दी है। हर दांव लगाया जा रहा है।
जानिए भोपाल लोकसभा सीट का इतिहास

वॉर रूम से हर पोलिंग बूथ को कर रहे मजबूत
संसदीय क्षेत्र भोपाल में चुनावी जमावट के लिए ही दिग्विजय सिंह का वॉर रूम भी बनकर तैयार है। इस वॉर रूम से हर पोलिंग बूथ को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को चार्ज भी किया जा रहा है। राजधानी भोपाल के मिंटो हॉल के ठीक सामने एक प्राइवेट कॉलेज की बिल्डिंग है, जिसमें दिग्विजय सिंह ने अपना चुनावी वॉर रूम तैयार किया है। इस वॉर रूम में आईटी सेल, सोशल मीडिया और मीडिया सेल बनाई गई है।

दिग्विजय सिंह जल्द करेंगे वॉर रूम का उद्घाटन
वहीं से पूरे लोकसभा चुनाव की व्यवस्थाओं की मॉनिटिरंग का काम किया जा रहा है। इसी वॉर रूम का जल्द दिग्विजय सिंह औपचारिक उद्घाटन करेंगे। दिग्विजय सिंह की टीम का कहना है कि वॉर रूम से भोपाल से लेकर सीहोर की आठों विधानसभा सीटों की चुनावी व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जाएगी। दिग्विजय सिंह खुद हर कार्यकर्ता से संपर्क कर रहे हैं। इसी वॉर रूम से चुनाव की पल-पल की प्लानिंग और रणनीति भी तैयार हो रही है।

सियासी मायने में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण
वहीं बीजेपी दिग्विजय सिंह को अपने लिए कोई बड़ी चुनौती नहीं मान रही है। कुल मिलाकर ये है कि आम चुनाव 2019 में दिग्विजय सिंह के लिए सियासी मायने में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि दिग्गी ने अपनी राजगढ़, भोपाल और सीहोर की टीम के साथ एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications