assembly elections 2023: विधानसभा चुनाव से पहले अगस्त में जन आशीर्वाद यात्रा पर निकलेंगे सीएम शिवराज सिंह
विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक और बड़ी यात्रा निकालेंगे। इस यात्रा के जरिए प्रदेश में बीजेपी अपने पक्ष में चुनावी माहौल बनाने की कोशिश करेगी।

मध्य प्रदेश के सभी जिलों में लाडली बहना योजना के सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन आशीर्वाद यात्रा पर निकलने वाले है। उनकी यह यात्रा अगस्त माह से शुरू होगी। इसको लेकर तैयारियां की जा रही है। यात्रा को लेकर प्लानिंग शुरू हो गई है। इसके लिए पिछले चुनावों की तरह जन आशीर्वाद रथ तैयार होगा।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा तय कार्यक्रमों के आधार पर सीएम शिवराज सिंह चौहान गांव-गांव में जन आशीर्वाद रथ को लेकर जाएंगे और लोगों को सरकार के काम और योजनाओं की जानकारी देंगे। सीएम शिवराज की इस जन आशीर्वाद रथयात्रा को कोर कमेटी ने सहमति दे दी है। इसके बाद प्रदेश संगठन के नेताओं ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। पिछली जन आशीर्वाद यात्राओं के रोडमैप की पड़ताल शुरू कर दी गई है। इस रोडमैप के आधार पर संशोधन के साथ सीएम की आशीर्वाद रथ यात्रा का रूट चार्ट तैयार किया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रथयात्रा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर समाप्त होगी और इसी दिन राजधानी के जंबूरी मैदान में कार्यकर्ताओं का महाकुंभ 25 सितंबर को होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य केंद्रीय नेताओं को आमंत्रित किए जाने पर सहमति बन चुकी है। रथ यात्रा के समापन की तारीख स्पष्ट होने के बाद अब संगठन रथ यात्रा शुरू करने के लिए समय और मुहूर्त की जानकारी जुटाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश संगठन के नेताओं की मौजूदगी में यह यात्रा शुरू होगी।
यात्रा में संगठन कार्यक्रमों पर भी नजर
यात्रा के लिए तैयार किए जाने वाले रोडमैप में संगठनात्मक कार्यक्रमों को भी ध्यान में रखा जाएगा। अब तक संगठन के कार्यक्रमों का जो संभावित रोडमैप तय हुआ है। उसके अनुसार 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड हर बूथ पर 100 कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सुना जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 9 वर्ष पूरे होने पर 15 मई से 15 जून तक प्रदेश में कार्यक्रमों की श्रंखला का आयोजन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications