राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को सीएम शिवराज ने दी बधाई, कहा- मुर्मू जनजातीय समाज का सशक्त चेहरा
NDA की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को बनाए जाने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन्हें बधाई दी है। सीएम शिवराज ने उन्हें जनजातीय समाज का सशक्त चेहरा बताया है।
भोपाल, 21 जून। मंगलवार को दिल्ली में संसदीय बोर्ड की बैठक में NDA की ओर से द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए बतौर उम्मीदवार मनोनीत किया गया है। जिसके बाद NDA नेता उन्हें फोन लगाकर और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दे रहे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा कि आदरणीय द्रौपदी मुर्मू को एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मदीवार घोषित करने का निर्णय अभूतपूर्व और अभिनंदनीय है।

उनहोंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के पर्याय के साथ जनजातीय समाज का वे सशक्त चेहरा हैं। इनका संपूर्ण जीवन शिक्षा की उन्नति और जनजातीय वर्ग व गरीबों के कल्याण हेतु समर्पित रहा है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी दी बधाई
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुर्मू को NDA का राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा कि राष्ट्रपति जैसे देश के सर्वोच्च पद पर पहली बार बतौर उम्मीदवार एक आदिवासी महिला का चयन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने महिलाओं, जनजातीय समुदायों, पिछड़ों, दलितों, वंचितों, ग़रीबों तथा पूर्वोतर राज्यों के लिए फिर एक बार अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का चयन कर पीएम मोदी ने ओड़िशा एवं सारे संथाल समाज को गौरवान्वित किया है। ओड़िशा की मानवीय पूंजी को बारंबार सम्मानित करने के लिए मोदी जी का ऋणी रहूँगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे विश्वास है कि द्रौपदी मुर्मू देश के लिए एक श्रेष्ठ राष्ट्रपति साबित होंगी।












Click it and Unblock the Notifications