उज्जैन को CM मोहन यादव की बड़ी सौगातें, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से लेकर 6-लेन ब्रिज तक, जानिए पूरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 25 जनवरी को उज्जैन दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शहर को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे। मुख्यमंत्री खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा आगर रोड स्थित अटल परिसर, फाजलपुरा में बनाए गए आधुनिक बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण करेंगे। करीब 28 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से बने इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में एक ही स्थान पर खेल और मनोरंजन की कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास की सुविधा मिलेगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री आर.डी. गार्गी मेडिकल कॉलेज के नव निर्मित ऑडिटोरियम एवं कन्वेंशन सेंटर का लोकार्पण करेंगे। वे मेडिकल कॉलेज के रजत जयंती समारोह में भी शामिल होंगे। इस ऑडिटोरियम के बनने से शैक्षणिक और चिकित्सा से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रत्नाखेड़ी में पाटीदार समाज के प्रांतीय कार्यालय के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन करेंगे। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरि फाटक पुल को 2 लेन से 6 लेन में चौड़ा करने के कार्य का भूमि-पूजन भी करेंगे। इसके पूरा होने से लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ग्राम डेंडिया में महालोक होटल एवं रिसोर्ट का शुभारंभ भी करेंगे। इससे उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
रविवार को उज्जैन में आयोजित राहगिरी आनंदोत्सव-2026 के कार्यक्रमों में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसी दौरान वे उड़ान कार्यक्रम के तहत मानसिक रूप से अविकसित बच्चों तथा दृष्टिबाधित बालक-बालिकाओं से मुलाकात करेंगे। बच्चों द्वारा बनाए गए उत्पादों का अवलोकन कर मुख्यमंत्री उन्हें प्रोत्साहित करेंगे और पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव विद्या भारती भवन, उज्जैन में आयोजित निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा देना और हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से उज्जैन के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications