राहुल गांधी ने जो किया, उन्हें उसका परिणाम भोगना होगा: CM Shivraj Singh Chouhan
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद से सदस्यता खत्म होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि जो जैसा करेगा, उसे वैसा परिणाम भोगना होगा।

राहुल गांधी को मानहानि केस में 2 साल की सजा सुनाए जाने के बाद पूरे देश में भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर हैं। हालांकि राहुल गांधी को जमानत मिल गई थी, लेकिन उनकी आज संसद से सदस्यता समाप्त होने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन पर जमकर निशाना साधा है। सीएम शिवराज ने कहा कि "कर्म प्रधान विश्व रचि राखा। जो जस करहि सो तस फल चाखा।" जो जैसा करता है उसे वैसा परिणाम भोगना पड़ता है। राहुल गांधी ने जो किया, उन्हें उसका परिणाम भोगना होगा।
दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण के लिए गए हुए थे। जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कि 'कौन कहेगा कि आप इस तरह की असत्य बातें करें, उन्हें मर्यादाओं को याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक नहीं कई विवादित बयान दिए हैं। वह गैर जिम्मेदार, अपरिपक्व और अमर्यादित नेता हैं। न्यायालय द्वारा मानहानि मामले में दी गई सजा ने ये सिद्ध कर दिया है कि लोकतंत्र में कानून के ऊपर कोई नहीं है।
राहुल गांधी कहीं भी कुछ भी बोल देते हैं: सीएम शिवराज
सीएम शिवराज ने कहा कि मैं हमेशा कहता हूं कि राहुल गांधी गैर जिम्मेदार हैं। वो अपरिपक्व है वो अपरिपक्व ही नहीं, बल्कि अमर्यादित भी हैं, कहीं भी कुछ भी कह देते हैं। उनके बयान उठाकर देख लीजिए। एक नहीं अनेक बयान ऐसे हैं। चौकीदार चोर है। हर किसी को चोर कह दो। इतने बड़े नेता अपने आप को मानते हैं, यह सब कोई शोभा देता है क्या उनके लिए। जो अहंकार गांधी परिवार का है कि हम तो सर्वश्रेष्ठ हैं, उसे बदलना चाहिए। हम किसी को भी कुछ बोल सकते हैं। राजाओं जैसा व्यवहार ये करते हैं।
क्या है पूरा मामला
दरअसल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की संसद से सदस्यता समाप्त कर दी गई है। सूरत कोर्ट ने कल ही उन्हें मानहानि केस में 2 साल की सजा सुनाई थी। लोकसभा सचिवालय की तरफ से इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। बता दें कि राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी सरनेम को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद राहुल के खिलाफ गुजरात भाजपा के विधायक पूर्णेश मोदी ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।
Recommended Video
गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने भी राहुल पर कसा तंज
इधर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने भी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मैंने कई लोगों के ट्वीट देखे कि राहुल गांधी अपराधी नहीं हैं। फिर राहुल गांधी 7 बार जमानत पर क्यों हैं, तीन बार कोर्ट में मांफी क्यों मांगी, बताएं। राहुल गांधी जी को विदेश में जाकर देश के खिलाफ बोलने और देश में रहकर देश के लोगों को बदनाम करने की आदत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications