भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य के अंतिम संस्कार में पहुंचे CM शिवराज, कहा- इन्होंने मुझे कार्यकर्ता बनाया
भोपाल में बुधवार को भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य रहे गिरिराज किशोर के अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। सीएम ने कहा कि गिरिराज जी का मेरे ऊपर असीम स्नेह था, उन्होंने मुझे कार्यकर्ता बनाया।
भोपाल, 8 जून। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने (Shivraj Singh Chouhan) ने भोपाल में भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य, खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष और लोकतंत्र सेनानी स्व. गिरिराज किशोर के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

सीएम शिवराज ने कहा कि आदरणीय गिरिराज किशोर जी का सम्पूर्ण जीवन संगठन की सेवा और संगठन के निर्माण में बीता, वे ऐसे कमल पुष्प थे, जिन्होंने असंख्य कमल के खिलने की कामना के साथ स्वयं को नींव के पत्थर की तरह समाये रखा।
गिरिराज जी का मेरे ऊपर असीम स्नेह था, उन्होंने मुझे कार्यकर्ता बनाया, मेरा निर्माण किया। मैं आपातकाल में उनके साथ जेल में था। जेल के बाद जब कार्यकर्ताओं की कमी थी, तब गिरिराज जी जैसे लोग एक-एक कार्यकर्ता को ढूंढ-ढूंढकर काम में लगा रहे थे।

सीएम शिवराज ने कहा कि ऐसे महामानवों के कारण आज जनसंघ के बाद भारतीय जनता पार्टी एक विराट स्वरूप में खड़ी हुई है। गिरिराज जी का जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है। वे मेरे लिए पिता तुल्य, बड़े भाई के तुल्य थे। वे राष्ट्र और समाज की सेवा एवं उन्नति के प्रयासों के लिए सर्वदा याद आयेंगे। मैं उनके चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं।
लोकतंत्र सेनानी गिरिराज किशोर के अंतिम संस्कार में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सहित भोपाल के तमाम बीजेपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने गिरिराज किशोर जी को नम आंखों से विदाई दी।












Click it and Unblock the Notifications