मध्यप्रदेश का BJP संगठन कार्यकर्ताओं और विचार के आधार पर खड़ा हुआ सशक्त संगठन: केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव
Indore BJP News: केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने रविवार को भाजपा संभागीय कार्यालय में कहा कि मध्यप्रदेश में BJP को खड़ा करने में श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे , प्यारेलाल और भगवतशरण माथूर जैसे नेतृत्व ने अपना सर्वस्व जीवन न्यौछावर किया है। मध्यप्रदेश में संगठन क्षमता के धनी इन लोगों ने यह सोचकर संगठन खड़ा नहीं किया था कि पार्टी को केवल सत्ता में लाना है। उनके काम करने के पीछे जो ध्येय था, वह भारत को महान बनाने की विचारधारा का ध्येय था।
एमपी चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन कार्यकर्ताओं के आधार पर एवं विचार के आधार पर खड़ा हुआ एक सशक्त संगठन है। हम सब मिलकर मध्यप्रदेश में पुनः विजय को प्राप्त करेंगे।

भारत 5 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक: भूपेन्द्र यादव
संभागीय कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं विधानसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने कहा कि इंदौर देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जाता है, तो इसके पीछे भाजपा के सुशासन का संकल्प है। यादव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम भारत को आगे ले जाने के मिशन पर काम कर रहे हैं। 2014 में भारत दुनिया की 5 डगमगाती अर्थव्यवस्थाओं में से एक था। आज भारत 5 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
2014 में भारत आतंकवाद से ग्रसित था, लेकिन आज प्रधानमंत्री स्पष्टता के साथ संदेश देते हैं कि भारत न आतंकवाद को सहन करेगा और न ही दुनिया में इसे पनपने देगा। नेतृत्व का यह विश्वास और संकल्प मजबूती के साथ खड़ा होता है, तो इसके पीछे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का त्याग और उसके आधार पर सरकार चलाने वाले नेता दोनों के मिलन से होता है। उन्होंने बैठक में इंदौर में आयोजित होने वाली G-20 बैठकों को सफल बनाने में सहयोग देने की बात कही।
एमपी में दो तिहाई के बहुमत में पुनः भाजपा सरकार बनेगी: विजयवर्गीय
राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को राष्ट्रीय नेतृत्व ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है। भूपेन्द्र में प्रशासनिक कार्यक्षमता के साथ संगठनात्मक कार्यकुशलता भी है। भूपेन्द्र को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने से मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास दोगना हो गया है। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगे। प्रदेश में दो तिहाई के बहुमत में पुनः भाजपा सरकार बनेगी।
भूपेन्द्र यादव के कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ता जीत का इतिहास बनाएंगे: VD शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री भूपेन्द्र यादव जी उत्तरप्रदेश, झारखण्ड एवं बिहार जैसे कई राज्यों में चुनाव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। कई राज्यों में भूपेन्द्र जी की संगठनात्मक कुशलता के कारण बीजेपी को विजय मिली है। मध्यप्रदेश में भी भूपेन्द्र यादव के कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ता जीत का इतिहास बनाएंगे। उन्होंने कहा कि PM मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं। 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में भूपेन्द्र के कुशल रणनीति और कार्यकताओं की मेहनत के बल पर ऐतिहासिक बहुमत हासिल करेंगे।
इस अवसर पर पार्टी के संभाग प्रभारी राघवेंद्र गौतम, संभाग सह प्रभारी एवं नगर प्रभारी तेज बहादुर सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, युवा आयोग के अध्यक्ष निशांत खरे, विधायक महेंद्र हार्डिया विधायक मालिनी गौड़, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, पूर्व आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, वरिष्ठ नेता गोपीकृष्ण नेमा, बाबू सिंह रघुवंशी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications