भोपाल में पत्नी को अफसर बनाने वाला पति बना बोझ! सब-इंस्पेक्टर बनते ही पत्नी ने पंडित पति से मांगा तलाक
Pandit Husband MP News: राजधानी भोपाल के फैमिली कोर्ट में इन दिनों एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों, त्याग और बदलते सामाजिक सोच पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
एक पति ने पंडिताई कर-करके पैसे जोड़े, पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और उसके पुलिस अफसर बनने का सपना पूरा कराया... लेकिन जैसे ही पत्नी सब-इंस्पेक्टर बनी, उसी पति से उसका रिश्ता बोझ बन गया।

पत्नी का सपना, पति का संकल्प
शादी के वक्त महिला का एक ही सपना था-पुलिस विभाग में नौकरी। पति ने उसकी इस इच्छा को सिर्फ सुना ही नहीं, बल्कि उसे अपना संकल्प बना लिया।
पेशे से पंडित पति ने पूजा-पाठ, हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान कर जो भी कमाया, उसका बड़ा हिस्सा पत्नी की पढ़ाई, कोचिंग और तैयारी में लगा दिया। कई बार अपनी जरूरतें भी टाल दीं, ताकि पत्नी का सपना अधूरा न रह जाए।
मेहनत रंग लाई, लेकिन रिश्ते फीके पड़ गए
पत्नी की मेहनत और पति के त्याग का नतीजा सामने आया-महिला सब-इंस्पेक्टर बन गई। लेकिन इसी कामयाबी के साथ पति-पत्नी के रिश्ते में दरार भी गहराने लगी। पति का कहना है कि नौकरी लगते ही पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। अब उसे पति का धोती-कुर्ता पहनना, सिर पर शिखा (चोटी) रखना और पंडिताई का पेशा नागवार गुजरने लगा।
"लुक बदलो, चोटी कटाओ" - पत्नी की शर्त
पति के अनुसार, पत्नी ने उसके सामने साफ शर्त रखी कि वह अपना पहनावा बदले, चोटी कटवाए और पंडिताई का काम छोड़े। पति ने अपनी पहचान और आस्था से समझौता करने से इनकार कर दिया। यही बात विवाद की जड़ बन गई।
पत्नी बोली-पति के पेशे से शर्म आती है
पत्नी का कहना है कि उसे समाज में पति के पंडिताई वाले पेशे और पारंपरिक लुक के कारण शर्मिंदगी महसूस होती है।उसका तर्क है कि एक पुलिस अफसर होने के नाते उसे एक "आधुनिक" जीवनसाथी चाहिए, जबकि पति उसकी सामाजिक छवि से मेल नहीं खाता।
काउंसलिंग भी नहीं बदल सकी जिद
मामला भोपाल के फैमिली कोर्ट पहुंचा। काउंसलरों ने दोनों पक्षों को समझाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन महिला तलाक के फैसले पर अड़ी रही। काउंसलिंग रिपोर्ट के अनुसार, पत्नी इस रिश्ते को आगे निभाने के लिए तैयार नहीं है, जबकि पति अब भी साथ रहने की उम्मीद लगाए बैठा है।
कोर्ट करेगा फैसला
फिलहाल यह मामला न्यायालय के विचाराधीन है। यह केस सिर्फ एक दंपती का नहीं, बल्कि उस सोच का आईना बन गया है, जहां कामयाबी के बाद रिश्तों की कीमत बदल जाती है।












Click it and Unblock the Notifications