भोपाल–नागपुर हाईवे पर भीषण हादसा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बेटे की कार भी चपेट में, ASI की पत्नी की मौत
Bhopa-Nagpur Road Accident: भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे-46 पर रविवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बरेठा घाट क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्राले ने सड़क किनारे खड़ी तीन कारों और एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया।
इस हादसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बेटे वरद खंडेलवाल की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि वरद खंडेलवाल हादसे के समय कार में मौजूद नहीं थे।

ASI की पत्नी की मौत, तीन गंभीर घायल
हादसे में बाइक सवार सुनीता भलावी, जो कि एक एएसआई की पत्नी थीं, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एएसआई चिमनलाल भलावी समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्राला तेज रफ्तार में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे खड़े वाहन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही ट्राले ने उन्हें रौंद दिया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बेटे की कार भी क्षतिग्रस्त
हादसे में शामिल कारों में एक कार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बेटे वरद खंडेलवाल की थी। बताया गया कि वरद खंडेलवाल पहले ही दूसरी कार से भोपाल के लिए रवाना हो चुके थे। उनकी कार का ड्राइवर खाली वाहन लेकर उन्हें लेने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
एयरबैग खुलने से ड्राइवर की जान बची
तेज टक्कर के बावजूद कार में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे ड्राइवर को गंभीर चोट नहीं आई। ड्राइवर पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
बरेठा घाट बना हादसों का हॉटस्पॉट
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरेठा घाट क्षेत्र में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। पहले भी यहां कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है, साथ ही ट्राले की स्पीड और लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और हाईवे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां एक पल की लापरवाही कई जिंदगियां तबाह कर देती है।












Click it and Unblock the Notifications