Bhopal Modi News: MP में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन- PM नरेंद्र मोदी
PM Modi Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की सबसे बड़े कार्यक्रम 'कार्यकर्ता महाकुंभ' में कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए मंत्र दिए। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस और उसकी राज्य सरकारों पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन की पहचान कुशासन, कूटनीति और करोड़ों रुपए का करप्शन है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद इस प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा। लेकिन कांग्रेस ने साधन - संपन्न मध्यप्रदेश को समर्थ युवाओं वाले मध्यप्रदेश को बीमारू बना दिया दोस्तों।

PM ने कहा कि एमपी के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था नहीं देखी। यहां के युवाओं ने उस दौर की खस्ताहाल सड़कें नहीं देखीं। यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में बीजेपी ने मध्य प्रदेश को नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया। इसीलिए यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।
मोदी ने कहा कि युवाओं ने चारों तरफ से विकास करता मध्यप्रदेश ही देखा है। एमपी को देश के अग्रणी गेहूं उत्पादक राज्य के रूप में देखा है। शिक्षा के उभरत केंद्र के रूप में देखा है, इसीलिए आने वाले चुनाव बहुत अहम हैं। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, उस विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं, भटके नहीं और अटके भी नहीं।

PM मोदी ने कहा कि हम अपने आसपास देख रहे हैं कि जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे कांग्रेस वहां सिर्फ बर्बादी लाई। हमने महाराष्ट्र में देखा है कि कैसे कांग्रेस ने गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर - 1 काम बना दिया। मध्यप्रदेश के विकास के लिए आने वाले कुछ साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। आज पूरी दुनिया से भारत में निवेश आ रहा है। अलग-अलग राज्यों में आ रहा है।
मोदी ने कहा कि ये समय भारत और मध्यप्रदेश को विकसित बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में अगर कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी, हजारों - करोड़ों के घोटाले का इतिहास रचने वाली पार्टी, वोट बैंक का तुष्टिकरण करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्यप्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा।

कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मैं आपसे एक सवाल पूछता हूं। मैं कहता हूं कि जहां-जहां कांग्रेस गई है, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। क्या आपको लगता है कि मध्य प्रदेश का भी यही हाल करेंगे। मध्य प्रदेश को बचाना चाहिए कि नहीं, कांग्रेस के हाथ नहीं जाने देना चाहिए न, लूटने और तबाही नहीं करनी देनी चाहिए न। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। क्या आप एमपी को फिर से बीमारू बनाना चाहते हो?












Click it and Unblock the Notifications