MP News Bhopal: भोपाल में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव, कथित नेटवर्क और रैकेट का खुलासा, दो सगी बहनें गिरफ्तार
Bhopal News update: राजधानी में धर्म परिवर्तन के दबाव, दुष्कर्म और संगठित नेटवर्क के सनसनीखेज आरोपों ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
बागसेवनिया थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस जांच में जो परतें खुल रही हैं, वे चौंकाने वाली हैं। मामले में दो सगी बहनों-अमरीन और आफरीन-को गिरोह की कथित सरगना बताते हुए गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

पीड़िता, जो छत्तीसगढ़ की रहने वाली और पेशे से ब्यूटीशियन है, ने आरोप लगाया है कि उसे नशा देकर अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म किया गया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है-दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास जैसी धाराओं में मामला कायम किया गया है।
कैसे खुली साजिश की परतें
एफआईआर के अनुसार अगस्त 2025 में आरोपी महिला की जान-पहचान के जरिए पीड़िता को एक घर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म हुआ। पीड़िता का आरोप है कि उसे छोटे कपड़े पहनाकर शहर के पब-लाउंज में ले जाया जाता था और अनजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने के लिए दबाव डाला जाता था। विरोध करने पर धमकियां दी जाती थीं।
नवंबर 2025 में अमरीन उसे गांधी नगर स्थित अब्बास नगर में अपने परिजनों से मिलाने ले गई। आरोप है कि वहां अमरीन के भाई बिलाल ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। दिसंबर 2025 में अमरीन निजी काम का हवाला देकर पीड़िता को अहमदाबाद ले गई, जहां यासिर नामक युवक से मिलवाया गया-पीड़िता का आरोप है कि वहां भी उसके साथ दुष्कर्म हुआ।
जनवरी 2026 में पीड़िता भोपाल छोड़कर छत्तीसगढ़ अपने मामा के घर चली गई। शिकायत में यह भी आरोप है कि अमरीन का करीबी चंदन यादव ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया।
गिरोह की संरचना और आरोप
- पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरोह में छह लोग सक्रिय बताए गए हैं:
- अमरीन और आफरीन-कथित सरगना (दो सगी बहनें)
- चंदन यादव-आरोप है कि खुद धर्म परिवर्तन करवा चुका
- बिलाल-अमरीन-आफरीन का भाई, दुष्कर्म के आरोप
- चानू-अमरीन-आफरीन का भाई, दुष्कर्म के आरोप
- यासिर-अमरीन का रिश्तेदार, अहमदाबाद में दुष्कर्म का आरोप
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है, जबकि तीन मुख्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच जारी है।
अब्बास नगर से आलीशान फ्लैट तक
जांच में यह भी सामने आया है कि अमरीन और आफरीन कुछ वर्ष पहले अब्बास नगर की झुग्गियों में रहती थीं। आरोप है कि नेटवर्क सक्रिय होने के बाद उनकी जीवनशैली अचानक बदली और वे रॉयल सागर विला के एक आलीशान फ्लैट में शिफ्ट हो गईं। पुलिस वित्तीय लेन-देन और कथित नेटवर्क के अन्य कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है।
धर्म परिवर्तन का दबाव और संगठन की प्रतिक्रिया
पीड़िता का कहना है कि उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया। पुलिस ने एक महिला के खिलाफ धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का प्रकरण भी दर्ज किया है। इस बीच कुछ हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया है कि "टारगेट कर हिंदू लड़कियों को मुस्लिम बनाया जा रहा है" और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।
पुलिस का आधिकारिक रुख
राजधानी भोपाल में सामने आए इस प्रकरण पर पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है, सभी आरोपों की तथ्यात्मक जांच की जा रही है। मेडिकल साक्ष्य, कॉल डिटेल, लोकेशन और वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
कानून का इम्तिहान
यह मामला केवल एक एफआईआर नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और कथित धर्मांतरण नेटवर्क पर बड़ी परीक्षा बनकर उभरा है। आरोप गंभीर हैं-नशा देकर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का दबाव और संगठित गिरोह की भूमिका।
अब निगाहें जांच पर हैं। सच्चाई अदालत में साक्ष्यों की कसौटी पर परखी जाएगी-लेकिन फिलहाल राजधानी में यह मामला सुर्खियों के केंद्र में है।












Click it and Unblock the Notifications