AIIMS Bhopal: आहार नली के निचले हिस्से के ट्यूमर की जटिल सर्जरी से 34 वर्षीय महिला को मिला नया जीवन
Bhopal AIIMS News: राजधानी भोपाल में स्थित एम्स हॉस्पिटल में एक जटिल सर्जरी के दौरान आहार नली के कैंसर का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। इस ऑपरेशन के बाद, 34 वर्षीय महिला को नए जीवन का अवसर प्राप्त हुआ है।
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक डॉ अजय सिंह ने हमेशा अपने डॉक्टर्स को नई चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया है। इसी सिलसिले में, एम्स भोपाल में हाल ही में एक दुर्लभ ऑपरेशन के माध्यम से आहार नली और अमाशय के जोड़ पर स्थित विशाल ट्यूमर को सफलतापूर्वक हटाया गया।

इस महिला को पिछले दो सालों से खून की उल्टी और पेट दर्द की समस्या थी। वह शहर के अन्य अस्पतालों में भी जांच करवाई, जहां उसे बताया गया कि उसके आहार नली और पेट के बीच में एक बड़ा ट्यूमर है।
डॉ अंकित जैन ने ऑपरेशन का लिया निर्णय
एम्स अस्पताल के कैंसर विभाग में आहार नली और अमाशय की एंडोस्कोपी जांच के बाद, उभार पाए गए ट्यूमर के बारे में पता चला। उस ट्यूमर को लीवर के बाएं हिस्से से चिपका हुआ पाया गया। कैंसर सर्जरी विभाग के सहायक प्रोफेसर, डॉ अंकित जैन ने इसके ऑपरेशन का निर्णय लिया, जो इस प्रकार के ट्यूमर का एकमात्र इलाज था।
ऑपरेशन के दौरान, छाती के दाहिने भाग को खोलकर, आहार नली और ट्यूमर को अलग किया गया। इसके बाद पेट को खोलकर, ट्यूमर को अन्य अंगों से अलग किया गया। ऑपरेशन के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जैसे कि ट्यूमर के चारों ओर रक्त वाहिकाओं की उपस्थिति और ऑपरेशन के लिए कम जगह। आहार नली और ट्यूमर को निकालने के बाद, नई आहार नली का निर्माण किया गया और उसे गले में जोड़ा गया।
ऑपरेशन में लगे 9 घंटे
इस कठिन ऑपरेशन को लगभग 9 घंटे तक किया गया, जिसे कैंसर सर्जरी विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न किया। मरीज अब स्वस्थ है और उसे छुट्टी दे दी गई है। प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के तहत, एम्स के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा इस प्रकार की जटिल सर्जरी की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications