खरगोन में लक्ष्मी की शादी का सारा खर्चा उठाएंगे कृषि मंत्री कमल पटेल, जानिए पीछे की कहानी
खरगोन की रहने वाली मुछाल परिवार की बेटी लक्ष्मी ने कृषि मंत्री को फोन लगा कर कहा कि दंगे में मेरा सारा सामान लूट गया है। अब मैं शादी कैसे करूं।
भोपाल, 5 मई। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री की दरियादिली सामने आई है। दरअसल, खरगोन के मुछाल परिवार में होने वाली शादी और शहनाई का सारा खर्चा शिवराज सरकार के कैबिनेट मंत्री और खरगोन के प्रभारी मंत्री कमल पटेल उठाएंगे। गुरुवार को कृषि मंत्री पटेल गुजरात के दौरे पर थे। बड़ोदरा में उनके पास उनके मोबाइल पर मुछाल परिवार की बेटी लक्ष्मी मुछाल का वीडियो कॉल आया, इसमें बिटिया लक्ष्मी ने बताया कि भाई साहब मुझे पता लगा आप गुजरात में है। मेरी बारात भी गुजरात से आने वाली है और 20 मई को मेरी शादी है। लेकिन हमारा सब कुछ दंगाइयों ने लूट लिया। अब मेरी शादी कैसे होगी। इस पर मंत्री पटेल ने बिटिया को भरोसा देते हुए कहा कि मैं आपका बड़ा भाई हूं। आप चिंता मत करो। आपकी शादी का सारा खर्चा मैं उठाऊंगा। इसके बाद मंत्री पटेल ने परिवार के सदस्यों से चर्चा की और कहा कि आप शादी की तैयारी करो। मैं 6 मई को खरगोन आ रहा हूँ। हम सब मिलकर धूमधाम से लक्ष्मी की शादी करेंगे।
Recommended Video

गौरतलब है कि खरगोन के संजय नगर त्रिवेणी चौक में 26 घरों में उपद्रवियों द्वारा जमकर तोड़फोड़ आगजनी और लूट की घटना की थी, जिसमें लक्ष्मी मुछाल का परिवार भी शिकार हुआ था। लक्ष्मी की शादी 14 अप्रैल को होनी चाहिए और बारात गुजरात से आनी थी, लेकिन उपद्रवियों ने दंगे के दौरान शादी का सारा सामान लूट लिया था। अब लक्ष्मी की शादी 20 मई को है। पूर्व में कृषि मंत्री पटेल ने लक्ष्मी मुछाल को 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता अपने स्वेच्छानुदान राशि से कर चुके हैं।
ख़ैर मुछाल परिवार की बेटी की शादी तो कृषि मंत्री करा देंगे, लेकिन दंगे में कई परिवार ऐसे भी हैं, जिनका कुछ भी नहीं बचा। ऐसे परिवारों के लिए सरकार कब तक राहत पहुंचाने का काम करेगी। वहीं दंगा पीड़ित लोगों का कहना है कि अब तक तो सिर्फ सरकार की तरफ से आश्वासन पर आश्वासन ही मिल रहे हैं।
शिवराज सरकार पर एक बड़ा सवाल ये भी खड़ा होता है कि राहत पहुंचाने के काम में क्या सभी धर्मों के दंगा पीड़ित परिवारों को समान रूप से ही सहायता मिलेगी या फिर धर्म देखकर सहायता दी जाएगी। क्योंकि मध्य प्रदेश सरकार ने खरगोन दंगे में जिस प्रकार की कार्रवाई की, उसकी चर्चा देश में ही नहीं, विदेश में भी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications