Bhopal news: ज्ञानवापी के बाद जामा मस्जिद में शिव मंदिर होने का दावा गर्माया, वकील जैन बोले- लड़ेंगे लड़ाई
Bhopal News: संस्कृति बचाओ मंच ने भोपाल की जामा मस्जिद में शिव मंदिर होने का फिर से दावा किया है। मंच के पदाधिकारियों ने इस मुद्दे पर ज्ञानवापी केस में एडवोकेट रहे विष्णु शंकर जैन से भी मुलाकात की है।
जैन पिछले दिनों भोपाल आए थे और उन्होंने कहा, "अगर किसी मंदिर को मस्जिद के रूप में कंवर्ट कर यूज किया जा रहा है तो हम उसके लिए लड़ाई लड़ेंगे। अध्ययन करेंगे और फैक्ट मिले तो सिविल कोर्ट में याचिका लगाएंगे।"

संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि पिछले दिनों एडवोकेट विष्णु शंकर जैन भोपाल आए थे और उन्हें भोपाल की जामा मस्जिद के नीचे शिव मंदिर होने के सारे प्रमाण प्रस्तुत किए गए। जिनकी हार्ड कॉपी उन्हें भेजी जा रही है। इसके बाद वे कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पुरातत्वविदों से निवेदन किया है कि जामा मस्जिद से जुड़े दस्तावेज वे दे सकते हैं।

इस मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह है कि अंग्रेजों के भोपाल स्टेट गजेटियर-1908 में भी मस्जिद में शिव मंदिर होने का उल्लेख है। इसके अलावा, भोपाल की पहली महिला शासक कुदसिया बेगम ने भी अपनी किताब 'हयाते कुदसी' में मस्जिद में शिव मंदिर के होने का जिक्र किया है।
चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि मस्जिद से जुड़े कई दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं, जिसमें 114 साल पुराना दस्तावेज भी शामिल है। इस बात को और साबित करने के लिए वकीलों के पैनल के जरिए कोर्ट में पिटीशन लगाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications