Satna: आदिवासी हॉस्टल से 4 छात्रों के लापता होने से मचा हड़कंप, रेलवे के CCTV कैमरे में कैद हुए बच्चे
सतना, 16 सितंबर। जिले के जवाहर नगर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आदिवासी बालक छात्रावास से 4 छात्रों के लापता होने के बाद हड़कम्प मच गया है। आनन फानन में शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच कर गुमशुदा छात्रों के सहपाठियों से पूछताछ कर जानकारी जानने में लगे हैं उधर जानकारी पर पुलिस ने भी बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी है। लापता सभी छात्रों की उम्र 14 से 15 वर्ष की बताई जा रही है और ये सभी 8वीं कक्षा के छात्र हैं। इन्हें देर रात 1.58 बजे सतना रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में देखा गया है।

परियोजना समन्वयक ने दी जानकारी
जिले के परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी ने जानकारी दी कि 15 सितंबर गुरुवार की देर रात लगभग 1 बजे जवाहर नगर स्थित बालक छात्रावास से 4 छात्र हॉस्टल से बिना किसी को सूचना दिए भाग गए हैं। यहां का चौकीदार तबियत खराब होने के वजह सो रहा था। तभी बच्चों ने चाबी निकाली और गेट का ताला खोलकर भाग निकले। इन्हें जाते हुए हॉस्टल के एक छात्र ने देखा भी लेकिन उसने भी न तो अपने दोस्तों या चौकीदार को सूचना दी।

चपरासी के पैसे चुराए, दोस्तों से मांगा
हॉस्टल के अन्य छात्रों ने बताया कि वे लोग कई दिन से दिल्ली घूमने की बात कर रहे थे। लेकिन किसी को शंका नहीं थी कि वे इस तरह भाग जाएंगे। भागे छात्रों में से एक ने अपने एक रिश्तेदार सहपाठी से भी पैसे लिये थे। उधर चपरासी का दावा है कि विगत दिवस ही उसे सैलरी मिली थी। वह यहीं रखी हुई थी। उसे भी चुरा कर ले गए हैं।

परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल
छात्रावास के छात्रों के लापता होने की जानकारी मिलने पर उनके परिवार वाले हॉस्टल पहुंच गए हैं। बच्चों की माताओं का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार वालों ने हॉस्टल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस मामले में हॉस्टल अधीक्षक की गैर मौजूदगी भी सवालों में है। अगर वे छुट्टी में थे तो प्रोटोकॉल के तहत जो व्यवस्थाएं उन्हें तय करनी थी वह नहीं की गई। हालांकि अभी मामले की जांच जारी है। प्रद्युम्न की बहन ने हॉस्टल प्रबंधन पर घोर लापरवाही और मामले को दबाने के प्रयास का आरोप लगाया। कहा कि जब बच्चा 1 बजे लापता हुआ तो सुबह 11 बजे क्यो जानकारी दी गई। यह सूचना को उन्हें पहले ही पता चल गई होगी। इसके अलावा हॉस्टल में बच्चों से बात नहीं कराने की भी जानकारी उन्होंने दी।

ये छात्र हुए लापता
डीपीसी के मुताबिक जो छात्र हॉस्टल से भगे हैं उसन में रामनगर गंजास निवासी प्रद्युम्न वर्मा,मझगवां खोही निवासी ज्ञानू प्रजापति, सरलानगर मैहर के कोठी निवासी योगेन्द्र सिंह, और शिवराजपुर निवासी सुमित पयासी शामिल है। ये चारों छात्र गुट बना कर भगे हैं और लगातार प्लानिंग कर रहे थे।

कलेक्टर ने की कार्रवाई
वहीं इस पूरे मामले में कलेक्टर ने बड़ी कार्यवाही करते हुए वॉर्डन सुखेन्द्र सिंह प्रधानाध्यापक माध्यमिक शाला प्रेमनगर को निलंबित कर दिया है, और चौकीदार शुभम सिंह पटेल की सेवा समाप्ति के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications