MP News: प्रदेश के 64 हजार100 बूथों पर सुना जाएगा ’मन की बात’ का 100वां एपिसोड: BJP सांसद विष्णुदत्त शर्मा
सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि विश्व के लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभद्र भाषा का उपयोग कर यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस के खून में ही जहर भरा है।

MP BJP News: शुक्रवार को मीडिया से चर्चा के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' भारत की राजनीति के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ है। 30 अप्रैल को इस कार्यक्रम का 100 वां एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए बीजेपी प्रदेश के सभी 64 हजार 100 बूथों और 25 हजार चिह्नित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करेगी।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता समाज के प्रबुद्धजनों, खिलाड़ियों, स्वच्छता कर्मियों, कलाकारों, अग्रणी किसानों, रचनात्मक काम करने वालों और आम नागरिकों के साथ इस कार्यक्रम को सुनेंगे। इन कार्यक्रमों में श्रीअन्न समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता वाले विषयों का संयोजन किया जाएगा।
मोदी जी की ताकत को चौगुना कर रहे हैं कांग्रेस के प्रहार
शर्मा ने कहा कि विश्व के लोकप्रिय नेता पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभद्र भाषा का उपयोग कर यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस के खून में ही जहर भरा है और कांग्रेस के अध्यक्ष खड़गे, दिग्विजय सिंह सहित अन्य नेता अपने शब्दों के जरिये इसी जहर को उगलने का काम कर रहे हैं। वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के इसी जहरीले व्यवहार के चलते देश और प्रदेश की जनता उसे नकार रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विपक्षी जितने प्रहार करते हैं उनसे मोदी की ताकत बढ़ती है और वे कई गुना अधिक ताकत से देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा रहे हैं।
अपना अस्तित्व खो रही कांग्रेस
VD शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने पूरे जीवन को देश और जनता को समर्पित कर दिया है। वहीं, कांग्रेस की लीडरशिप देश के अंदर अप्रासंगिक हो गई है। कांग्रेस अपना अस्तित्व खोती जा रही है। कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है। वह केवल एक वर्ग का समर्थन चाहती है। लेकिन कांग्रेस ने उस वर्ग के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि लोगों को भ्रमित करके इतने सालों तक राज करती रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के भाई-बहनों का जीवन स्तर बदलने का काम कर रही है।
झूठा है कांग्रेस का वचनपत्र
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का वचन पत्र झूठा पत्र है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें 15 महीने की सरकार में पूरा नहीं किया। मध्यप्रदेश को 2003 के पूर्व मिस्टर बंटाधार दिग्विजय सिंह ने दुरावस्था के दौर में पहुंचा दिया था। कांग्रेस की 15 महीने की सरकार जिसके मुख्यमंत्री कमलनाथ थे, वो इन्हीं मिस्टर बंटाढार के इशारों पर चलती थी। कांग्रेस की उस सरकार ने वल्लभ भवन को दलाली का अड्डा बना दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठे वादों को प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है। इसलिए कांग्रेस और कांग्रेस के नेताओं को किसी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ रहे हैं। बीजेपी ने मध्यप्रदेश को बीमारू से विकसित राज्य बनाया और हमारा संकल्प मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाने का है।












Click it and Unblock the Notifications