भिंड में चुनावी हिंसा रोकने के लिए पुलिस कर रही है विश्वास की पर्ची का नया प्रयोग
भिंड में चुनावी हिंसा को रोकने के लिए भिंड पुलिस ने शुरु की विश्वास की पर्ची, जानकारी देने वाले का नाम रहेगा गोपनीय
भिंड, 6 जून। भिंड में होने वाली चुनावी हिंसा को रोकने के लिए भिंड पुलिस इस बार एक नया प्रयोग करने जा रही है। इस प्रयोग को विश्वास पर्ची का नाम दिया गया है। यह विश्वास पर्ची भिंड की जनता के बीच वितरित की जाएगी और इसमें सभी प्रमुख अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर अंकित रहेंगे। चुनाव में होने वाली हिंसा या गड़बड़ी या किसी संदेही की सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

भिंड में होने वाले प्रत्येक चुनाव में हिंसा देखने को मिलती है। मत पेटी में स्याही डाल देना, ईव्हीएम मशीन को तोड़ देना या पोलिंग बूथ पर गोलीबारी कर देना यहां आम बात मानी जाती है। चुनावी हिंसा के दौरान लोगों की जान भी चली जाती। इसी तरह की चुनावी हिंसा को रोकने के लिए विश्वास की पर्ची का नया प्रयोग किया जा रहा है।
विश्वास पर्ची में लिखे होंगे प्रमुख अधिकारियों के मोबाइल नंबर
विश्वास पर्ची में जिले के प्रमुख अधिकारियों के नंबर लिखे जाएंगे। अधिकारियों में कलेक्टर और एसपी समेत एडिशनल एसपी, एसडीएम और थाना प्रभारी के नाम और नंबर शामिल होंगे। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम और कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम के नंबर भी अंकित होंगे।
सूचना देने वाले की जानकारी रखी जाएगी गोपनीय
विश्वास पर्ची के माध्यम से पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को सूचना देने वाले शख्स की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। विश्वास पर्ची के साथ लोगों से अपील भी की जा रही है कि अगर वे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी देखें या किसी संदिग्ध व्यक्ति को अपने इलाके में देखें जो चुनाव में हिंसा फैला सकता है, ऐसे व्यक्ति की सूचना तुरंत अिकारियों को दें ताकि चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो सके।
कलेक्टर ने प्रेक्षक का भी संपर्क नंबर किया जारी
कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने पंचायत चुनाव में किसी भी प्रकार की निर्वाचन संबंधी शिकायत या सुझाव के लिए पोन नंबर भी जारी किया है। उन्होंने बताया है कि प्रेक्षक नरेंद्र कुमार त्रिवेदी सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं जो भी अभ्यर्थी या राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि या आम मतदाता निर्वाचन संबंधी किसी प्रकार की शिकायतें देना चाहते हैं तो वे प्रेक्षक से संपर्क कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications