तंदूर की तरह तप रहा है चंबल, भिंड में 48 डिग्री के पार गया तापमान
इन दिनों चंबल मे भीषण गर्मी का प्रकोप है। भिंड जिले का तापमान 48 डिग्री के पार चला गया है।
भिंड, 14 मई। इन दिनों चंबल इलाका तंदूर की तरह तप रहा है। सूर्य देव के तीखे तेवर सबसे ज्यादा इसी इलाके में देखने को मिल रहे हैं। खासतौर से चंबल का भिंड जिला तो मानो तंदूर जैसा ही बन गया है। यहां का तापमान 48 डिग्री के पार जा चुका है। हालात यह हैं कि सूरज के निकलते ही लोग घरों के अंदर बंद हो जाते हैं और शहर की सड़कें सूनी हो जाती हैं।

इस साल गर्मी के शुरुआत के दिनों में सूरज के तेवर थोड़े नरम रहे तो भिंड के लोगों को राहत की सांस मिली। जैसे-जैसे दिन बीतते जा रहे हैं वैसे वैसे सूरज की तपन भी बढ़ती जा रही है। भिंड समेत चंबल के अन्य जिलों में सूरज का टॉर्चर शुरू हो गया है। सुबह सवेरे से ही गर्म हवाओं के चलने का सिलसिला शुरू हो जाता है जो दोपहर होते-होते आग की लपटों की तरह शरीर को झुलसाने लगता है।
दक्षिणी रुख से बहती हुई हवा के कारण पड़ रही है भीषण गर्मी
दक्षिणी रुख से बहती हुई हवा के कारण चंबल अंचल में भीषण गर्मी पड़ रही है। यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने दी है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और उड़ीसा के बीच अमानी चक्रवाती तूफान के कारण चलने वाली हवाओं का रुख दक्षिणी पूर्वी दिशा में हो गया है और इसी वजह से चंबल अंचल में भीषण गर्मी पड़ रही है।
26 मई तक नहीं मिलेगी भीषण गर्मी से राहत
भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं और जल्द ही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जता रहे हैं लेकिन फिलहाल 26 मई तक तो गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। 15 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा इस वजह से हवाओं की बहने की दिशा भी बदल जाएगी और हवा का रुख दक्षिण से उतरी हो जाएगा लेकिन 19 मई के बाद एक बार फिर से तापमान बढ़ने लगेगा और 26 मई तक भीषण गर्मी पड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications