UP News: एक नींबू ने करा दी दो पक्षों में मारपीट, हालात संभालने पहुंची दो थानों की पुलिस, 5 पर केस दर्ज
UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में एक नींबू के लिए दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते स्थिति संभालने के लिए दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फिर किसी तरह दोनों पक्षों को समझाया गया।
इस मामले में पुलिस द्वारा चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं एक नींबू के लिए मारपीट होने की जानकारी होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।

यह पूरा मामला बरेली जनपद के गुलाब नगर बजरिया का है। बताया जा रहा है कि गुलाब नगर बजरिया में राजेश दीक्षित की सब्जी की दुकान है। गुरुवार को रात 10 बजे राजेश की दुकान पर आरिफ नामक एक युवक वहां पहुंचा।
सब्जी की दुकानदार का आरोप है कि आरिफ ने सब्जियों के दाम पूछने के बाद एक नींबू उठाया और अपने जेब में रख लिया। इस बारे में राजेश ने जब उससे पूछताछ की तो वह मारपीट पर उतारू हो गया। उसके बाद राजेश ने उसे वहां से भगा दिया।
इसी बात से नाराज होकर आरिफ अपने घर पहुंचा और अपने बेटे आसिफ आदिल तथा पड़ोस के रहने वाले रिजवान और सलमान नामक दो अन्य लोगों को साथ लेकर राजेश की दुकान पर पहुंचा और राजेश को मारने पीटने लगा।
इस दौरान बीच बचाव करने वाले लोगों को भी उन लोगों ने मारा पीटा। जानकारी मिलने के बाद राजेश की तरफ से भी काफी संख्या में लोग एकत्र होने लगे हालांकि तब तक किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद प्रेम नगर और किला थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्ष के लोगों को वहां से हटाया। इस मामले में सीओ प्रथम संदीप सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। मामले में राजेश की तहरीर पर प्रेम नगर थाने में आरिफ और उसके बेटे आसिफ तथा आदिल समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि सब्जी लेने के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है वहीं क्षेत्र में माहौल शांतिपूर्ण है और फोर्स की तैनाती की गई है।












Click it and Unblock the Notifications