जेहाद के लिए युवाओं को भड़का रहा था शख्स, UP ATS ने बरेली से किया गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (UPATS) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को यूपी एटीएस ने सोशल साइट्स के जरिए युवाओं में आतंक का जहर घोलने की कोशिश कर रहे एक शख्स को बरेली जिले से गिरफ्तार किया है। इस शख्स का नाम इनामुल हक है। इनामुल हक के पास से यूपी एटीएस को मोबाइल में अलकायदा से जुड़ा भड़काऊ साहित्य मिला है। पुलिस का कहना है कि यह फेसबुक, व्हाट्सऐप, टेलीग्राम पर युवाओं को जेहाद के लिए भड़काता था। एटीएस ने लखनऊ कोर्ट में आरोपी को पेश किया, जहां से एटीएस को 10 दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है।

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ एटीएस ने बरेली यूनिट की मदद से इनामुल को कटघर एरिया में स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। एटीएस उसके भाई को भी पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। दरअसल, यूपी एटीएस को सूचना मिली थी कि मोहम्मद शोएब उर्फ अबु मुहम्मद अल हिंदी नाम का एक व्यक्ति पूरी तरह से रेडिकलाइज्ड है और युवाओं को प्रेरित करके आतंकवादी संगठनों के लिए रिक्रूट करने का प्रयास कर रहा है। पता चला कि व्यक्ति का असली नाम मोहम्मद इमानुल हक पुत्र स्वर्गीय नुरूल हक है और वह बरेली के कटघर में डॉ. रियाज कॉलोनी में रहता है। इसके बाद पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल में मिला अल-कायदा का साहित्य
एटीएस पूछताछ में और इनामुल के पास से बरामद मोबाइल पर सोशल मीडिया पर गतिविधि आदि का परीक्षण करने से पता चला कि ये जेहादी विचारधारा से प्रभावित है। ये अन्य लोगों को भी जेहाद के लिए प्रेरित करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित करने आदि की बात कर रहा है। इनामुल के मोबाइल में प्रतिबंधित संगठन अल-कायदा द्वारा प्रकाशित साहित्य मिला है।












Click it and Unblock the Notifications