बरेली: ड्यूटी दे रहे दो पुलिसकर्मियों को ऑडी ने मारी टक्कर, दोनों की मौत
बरेली। यूपी के बरेली में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज रफ्तार ऑडी कार ने मोटरसाइकिल सवार दरोगा और सिपाही को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने ऑडी कार और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

गश्त पर निकले थे दोनों पुलिसकर्मी
फतेहगंज पश्चिमी थाने में तैनात दरोगा राजवीर सिंह और हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार रात में गश्त के लिए ड्यूटी पर निकले थे। मोटरसाइकिल पर सवार दरोगा और हेड कांस्टेबल जैसे ही नेशनल हाइवे 24 पर पहुंचे तो सामने से आ रही ऑडी कार ने मोटरसाइकिल में जबरदस्त टक्कर मारी, जिससे मोटरसाइकिल और दोनो पुलिसकर्मी काफी दूर जाकर गिरे। दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। दरोगा राजवीर सिंह अमरोहा और हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार एटा के रहने वाले थे।

हिरासत में कार ड्राइवर, पुलिस कर रही जांच
हादसे की खबर लगते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी ग्रामीण संसार सिंह ने बताया कि ऑडी कार बड़े व्यापारी कन्हिया गुलाटी की है। कार ड्राइवर और कार को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब मामले की छानबीन में लग गई है। कार ड्राइवर चला रहा था या कोई और इसके लिए पुलिस जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications