Bareilly News: ठंड में बिना नहाए स्कूल पहुंचे छात्रों को प्रिंसिपल ने दी ऐसी सजा, वीडियो देख भड़के लोग
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में एक इंटर कॉलेज के कुछ छात्र बिना नहाए पढ़ने के लिए पहुंच गए तो प्रिंसिपल को गुस्सा आया और प्रिंसिपल ने बिना नहा कर आए छात्रों को नहाने का फरमान सुना दिया। इतना ही नहीं बच्चों को कॉलेज कैंपस में ही बने हौद में नहला दिया।
कहा जा रहा है कि नहाते हुए बच्चों का वीडियो बनाकर प्रिंसिपल ने ही सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। भीषण ठंड में बच्चों के नहाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों द्वारा नाराजगी जाहिर की जा रही है। नेटीजंस इस मामले को लेकर तरह-तरह का कमेंट कर रहे हैं।

दरअसल यह पूरा मामला बरेली जनपद के फरीदपुर कस्बे में स्थित छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज का बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि विद्यालय में प्रार्थना सभा हो रही थी इसी दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल रणविजय सिंह यादव ने बच्चों से पूछा कि कौन-कौन बिना नहाए पढ़ने आया है।
पूछने पर कुछ मासूम बच्चों द्वारा बता दिया गया कि वह ठंड के चलते बिना नहाए आए हैं। बच्चों की बात सुनने के बाद प्रिंसिपल द्वारा बच्चों को तुरंत नहाने का फरमान सुना दिया गया। इतना ही नहीं विद्यालय परिसर में बने हौद के ठंडे पानी में ही बच्चों को नहाने के लिए भेजा गया।
अपने कपड़े उतार कर बच्चे उसमें नहाए उसके बाद स्कूल ड्रेस पहने। नहाने के बाद बच्चों को प्रार्थना सभा के लाइन में लगने की इजाजत दी गई। साथ ही यह भी हिदायत दी गई की अगली बार से जो बिना नहाए आएगा उसको इसी तरह नहाना पड़ेगा।
विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि बच्चों के नहाते समय का वीडियो प्रिंसिपल ने खुद अपने मोबाइल से बनाया था और उसी दिन से वायरल किया है। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों द्वारा इसकी खूब निंदा की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications