बरेली: संक्रमित युवक से परिवार में फैला Coronavirus, पांच लोगों में हुई पुष्टि
बरेली। लॉकडाउन का आज सातवां दिन है और उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 101 हो गई है। आपकों बता दें कि प्रदेश में सबसे ज्यादा बुरे हालात नोएडा और मेरठ जिले के है। नोएडा में 38 और मेरठ में 19 केस पॉजिटिव पाए गए है। वहीं, बरेली जिले में मंगलवार को पांच नए केस सामने आए है।

नोएडा के सीजफायर कंपनी के ऑडिटर के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ बरेली के सुभाषनगर निवासी मरीज के परिवार के पांच सदस्यों में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। आनन-फानन में सभी को अस्पताल में क्वारंटाइन कर इलाके को सील कर दिया गया है। साथ ही संपूर्ण क्षेत्र को सेनेटाइज किया जा रहा है। बता दें कि रविवार को शख्स में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद परिवार के सभी सदस्यों का सैंपल टेस्ट के लिए लखनऊ भेजे गए थे। सोमवार देर रात आई रिपोर्ट में संक्रमित युवक की पत्नी, माता-पिता और भाई-बहन में संक्रमण पाया गया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम का कहना है कि बरेली का रहने वाला युवक नोएडा में अग्निशमन यंत्र बनाने की फैक्ट्री में काम करता है। वह 21 मार्च को बरेली आया था, जिसके बाद उसने आपने आपको आइसोलेट कर लिया थ। दो दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसका सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा था। रविवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद उसके परिवार के 6 सदस्यों के साथ निजी मेडिकल कॉलेज में सभी को आइसोलेट किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। इसी के साथ-साथ बरेली को बफर जोन बनाने की कवायद शुरू कर दी है। पूरे इलाके को सेनेटाइज कर दिया गया है।
संक्रमित मरीज के संपर्क में आने से बढ़ी संख्या
नोएडा के सीजफायर कंपनी के ऑडिटर से फैले संक्रमण के बाद पॉजिटिव मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सोमवार को जिले के पांच लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। नोएडा में अब तक 38 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। साथ ही यूपी में अब यह आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है। यूपी में वायरस से संक्रमित लोगों संख्या 101 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications