Bareilly में रेलवे ट्रैक के निरीक्षण के दौरान गायब मिली पेंड्रोल क्लिप्स, मचा हड़कंप, ट्रेन पलटाने की थी साजिश
उत्तर प्रदेश के Bareilly जनपद में बुधवार को बड़ा रेल हादसा होते-होते बाल बाल बच गया। बरेली जनपद के भोजीपुरा और सेंथल के बीच ऐसा मामला सामने आया जिसे सुनकर रेलवे के अधिकारी भी हैरान हैं।
रेलवे के अधिकारियों द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा आरपीएफ की तीन विशेष टीमें भी जांच पड़ताल कर रही हैं। मामले में शरारती तत्वों के खिलाफ नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे की इज्जत नगर रेल मंडल के सीनियर सेक्शन इंजीनियर नेत्रपाल सिंह द्वारा दर्ज कराया गए मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि भोजीपुरा और सेंथल के बीच किसी अज्ञात शख्स द्वारा साजिश के तहत रेलवे लाइन से 42 पेंड्रोल क्लिप्स को बाहर निकाल दिया गया था।
यह भी बताया गया कि ट्रैक के निरीक्षण के दौरान जब जानकारी मिली तो पेंड्रोल क्लिप्स की खोजबीन शुरू हुई। 32 पेंड्रोल क्लिप्स को रेलवे ट्रैक के समीप से बरामद कर लिया गया जबकि 10 पेंड्रोल क्लिप्स अभी नहीं मिले हैं।
मामले की जानकारी होने के बाद रेलवे के अधिकारी वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि किसी ने रेलवे को बड़ा नुकसान पहुंचाने के लिए इस तरीके का कृत्य किया है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसा करने से ट्रेन ट्रैक से उतर सकती थी।
फिलहाल इस मामले में रेलवे की खुफिया टीम द्वारा जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। इसके अलावा नवाबगंज थाने के साथ ही आरपीएफ बरेली सिटी में भी अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications