Bareilly News: चौकीदार की पिटाई, वीडियो वायरल, अब एससी-एसटी आयोग ने बरेली SSP से मांगी रिपोर्ट
UP Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के नवाबगंज तहसील परिसर में दो होमगार्ड्स द्वारा चौकीदार को पीटे जाने का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में विपक्ष चौकीदार वीरेंद्र कुमार के साथ नजर आ रहा है।
वहीं अब मामले को संज्ञान में लेते हुए एससी एसटी आयोग के अध्यक्ष असीम अरुण द्वारा बरेली एसएसपी को पत्र लिखकर पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही यह पूछा गया है कि इस मामले में अब तक क्या कार्यवाही की गई है। पूरे मामले की जांच करके तय अवधि में रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया है।

इधर इस मामले को लेकर शुक्रवार को चौकीदार संगठन के लोगों ने जिलाधिकारी और एसएसपी से मुलाकात की। चौकीदार संगठन के पदाधिकारी के साथ ही बरेली से सपा प्रत्याशी प्रवीन सिंह ऐरन भी जिलाधिकारी और एसएसपी से शिकायत करने पहुंचे थे।
चौकीदार संगठन के पदाधिकारियों द्वारा मांग की गई कि इस मामले में हल्की धाराओं मैं मुकदमा दर्ज किया गया है। ऐसे में उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाए तथा उन्हें बर्खास्त करते हुए जेल भेजा जाए। जिलाधिकारी से मिलने के बाद सपा प्रत्याशी ने बताया कि यह घटना काफी निंदनीय है।
इस घटना के बाद पीड़ित चौकीदार को निजी और सामाजिक पीड़ा पहुंची है। ऐसे में पूरे मामले को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों द्वारा दोषी होमगार्ड के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा चौकीदार संगठन द्वारा भी इस मामले को लेकर लगातार विरोध प्रकट किया जा रहा है।
यह है पूरा मामला: दरअसल, यह पूरी घटना बीते मंगलवार की है। बरेली जनपद के नवाबगंज के बहोरनगला गांव के रहने वाले वीरेंद्र धानुक नवाबगंज थाने में चौकीदार हैं। मंगलवार को वे अपने भूमि के कागजात निकालने के लिए नवाबगंज तहसील में गए थे। इसी दौरान तहसील परिसर में मौजूद होमगार्ड वीर बहादुर और रामपाल ने उनके साथ मारपीट की।
वीरेंद्र का आरोप है कि उन लोगों ने उसे ताना मारते हुए कहा कि 5 किलो राशन सरकार का लेते हो और वोट किसी और को देते हो। मारपीट के दौरान तहसील परिसर में मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद उसने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी बरेली द्वारा होमगार्ड के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई थी। फिलहाल अभी इस मामले में एससी एसटी आयोग द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications