राजेश से सोनिया बन गया रेलवे कर्मचारी, बोला- शरीर तो पुरुषों जैसा था, लेकिन...
बरेली। रेलवे में कार्यरत राजेश ने विभाग के रिकॉर्ड में अपना नाम और लिंग बदलने के लिए आवेदन दिया है। राजेश पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय में तैनात हैं। इस आवेदन के बाद रेलवे के अधिकारी उलझन में हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के जनंसपर्क अधिकारी सीपी चौहान कहते हैं कि यह तकनीकी मामला है। कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

लिंग परिवर्तन कराकर राजेश से बन गया सोनिया
बता दें कि इज्जत नगर मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय में तकनीकी ग्रेड-1 पर तैनात कर्मचारी राजेश ने सरकारी अभिलेखों में अपना नाम और लिंग बदलवाने के लिए आवेदन किया है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जत नगर मंडल में तैनात राजेश पांडे को अनुकंपा के आधार पर 19 मार्च 2003 को नौकरी मिली थी। परिवार में 4 बहनें और मां हैं। 2017 में राजेश ने लिंग परिवर्तन कराकर अपना नाम सोनिया पांडेय रख लिया। राजेश उर्फ सोनिया ने सबसे पहले मुख्य कारखाना कार्मिक प्रबंधक इज्जत नगर के सामने नाम और लिंग बदलने का आवेदन किया। रेलवे अधिकारियों के सामने जब मामला आया, तो वो चौंक गए।

शरीर पुरुष जैसा, महिलाओं जैसी फीलिंग
राजेश उर्फ सोनिया ने बताया कि उसका शरीर तो पुरुष जैसा था, लेकिन मन में महिलाओं जैसे ख्याल आते थे। परिवार के लोगों ने उसकी शादी करा दी। उसने अपने जीवनसाथी को मन में आ रहे ख्याल के बारे में बताया, इसके बाद दोनों ने सहमति से तलाक ले लिया। तलाक के बाद वर्ष 2017 में उसने सर्जरी कराकर अपना लिंग परिवर्तन करा लिया और राजेश से सोनिया पांडेय बन गया।

मां ने कहा- अब जो भी है सही है
राजेश से सोनिया बने रेलवे कर्मचारी ने बताया कि लिंग परिवर्तन का विचार जब परिवार के सदस्यों को बताया तो वो नाराज हो गए। उसकी बात सुनकर मां और बहनें रूठ गईं। कोई दूसरा रास्ता न दिखा तो उसने लिंग परिवर्तन करा लिया। धीरे-धीरे सब कुछ ठीक हो गया। समय के साथ मां और बहनें भी मान गईं। वहीं, सोनिया की मां का कहना है की जब तीन बहनों के बाद घर में बेटा हुआ था तो सब लोग बहुत खुश थे, लेकिन अब राजेश भी सोनिया बन गया। मां का कहना है कि अब जो भी है सही है।












Click it and Unblock the Notifications