किसानों के पास लक्ष्मी कमल पर ही बैठकर आएगी, साइकिल या हाथी से नहीं: यूपी कैबिनेट मंत्री
बाराबंकी, 29 नवंबर। किसानों के आंदोलन से यूपी विधानसभा चुनाव में होने वाले नुकसान को भांपकर मोदी सरकार ने तीन कृषि कानूनों को वापस ले लिया। रविवार को किसानों को रिझाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जगह-जगह किसान जागरूकता ट्रैक्टर रैली निकाली। बाराबंकी में भी उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने ट्रैक्टर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों के सम्मान में भाजपा रैली निकाल रही है। भाजपा का साथ हमेशा से किसानों और नौजवानों ने दिया है। इस बार भी किसान भाजपा के साथ है और योगी आदित्यनाथ की सरकार फिर से प्रदेश में बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसान मेहनत करते हैं तो उनको लक्ष्मी मिलनी चाहिए। लक्ष्मी हाथी या साइकिल पर नहीं, कमल पर ही बैठकर आती है।

कैबिनेट मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार मे किसान खुशहाल हुआ है, उनकी समस्याओं का समाधान हुआ है। इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने किसान सम्मान निधि बनाई। प्रधानमंत्री एक बटन दबाते हैं और किसानों के खाते में पैसा चला जाता है। किसान फसल बीमा योजना, वन नेशन वन मार्केट, वन नेशन वन राशन कार्ड समेत किसानों के हित में मोदी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों के हित में पहले कभी किसी सरकार ने बात नहीं की थी। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार में किसानों की आर्थिक स्थिति काफी मजबूत हुई है।
कृषि बिलों की वापसी पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों के सम्मान को देखते हुए ही तीनों कानूनों को भाजपा सरकार ने रद्द किया है। कहा कि अगर ये कानून लागू होते तो किसानों की स्थिति और बेहतर होती। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने टीईटी के पेपर लीक होने के मामले के बारे में कहा कि यह भ्रष्टाचार नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले पर आदेश दिया है कि दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications