बाराबंकी में विसर्जन के दौरान धार्मिक स्थल के सामने बजाया आपत्तिजनक गाना, चप्पल-गुलाल फेंके, 4 गिरफ्तार
Barabanki Uttar Pradesh Latest News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में हुए बवाल की तरह बाराबंकी में भी बवाल हो सकता था। हालांकि बाराबंकी पुलिस की सक्रियता से बड़ी घटना टल गई और मामले में चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बाराबंकी जनपद में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल के सामने डीजे पर आपत्तिजनक गाना बजाने तथा गुलाल और चप्पल फेंकने से तनाव हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और एसपी तत्काल मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों द्वारा इलाके में फुट मार्च किया गया। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है की मस्जिद के बाहर सड़क पर काफी संख्या में भीड़ मौजूद है और आपत्तिजनक गाना बजाया जा रहा है।
13 अक्टूबर का बताया जा रहा वीडियो
दरअसल, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के टिकैत नगर कोतवाली के इचौली कस्बे में विजयादशमी के दिन मूर्ति विसर्जन जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस लेकर एक धर्म के लोग डीजे पर गाना बजाते हुए चल रहे थे। रास्ते में जुलूस दूसरे समुदाय के इलाके से गुजरने वाला था।
वहां पहुंचने के बाद जुलूस में शामिल लोग और धार्मिक स्थल के सामने डीजे पर आपत्तिजनक गाना बजाकर डांस करने लगे। हालांकि जुलूस निकालने से पहले ही धार्मिक स्थल को कपड़े से ढक दिया गया था जिससे सड़क से लोग देख नहीं पा रहे थे।
लेकिन जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक स्थल के बाहर सड़क पर आपत्तिजनक गाने बजाए और नारेबाजी भी की। इतना ही नहीं आरोप यह भी है कि जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक स्थल पर गुलाल और चप्पल भी फेंके।
बताया जा रहा है कि बाराबंकी में भी हालात बेकाबू होने वाले थे। भीड़ काफी ज्यादा थी और जब पुलिस ने समझाया तो भीड़ में शामिल लोग नहीं माने। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और जुलूस को आगे बढ़ाया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बताया जा रहा है कि इस मामले का वीडियो जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पूरा प्रकरण उच्चाधिकारियों तक पहुंचा। मामले में धार्मिक स्थल के मुतवल्ली मोहम्मद रफीक द्वारा पुलिस से लिखो शिकायत की गई और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications