बिकरू कांड: अमर दुबे की पत्नी खुशी की बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती
बाराबंकी, मई 30: कानपुर के बहुचर्चित बिकरू शूटआउट कांड में मारे गए अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद खुशी दुबे को इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दें कि खुशी दुबे को सीने में दर्द और काफी कमजोरी की शिकायत के बाद शनिवार 29 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुशी दुबे के पति और कानपुर के बिकरू कांड के आरोपी अमर दुबे को एसटीएफ की टीम ने आठ जुलाई, 2020 को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। वह बिकरू कांड में विकास दुबे के साथ ही पुलिस टीम पर हमले का आरोपी था।

जिला अस्पताल में ही चल रहा इलाज
खुशी दुबे को इलाज बाराबंकी के जिला महिला अस्पताल में चल रहा है। संप्रेक्षण गृह बाराबंकी से आई खुशी दुबे की केयर टेकर पूनम का कहना है कि डॉक्टर उसे लखनऊ रेफर कर रहे हैं, लेकिन वह उसका बाराबंकी जिला अस्पताल में ही इलाज करा रही है। इसके अलावा जिला अस्पताल के डॉक्टर बीएन मौर्या के मुताबिक खुशी दुबे का इलाज किया जा रहा है, लेकिन कुछ जांचें यहां नहीं हो सकती, इसलिए हम उसे लखनऊ रेफर कर रहे हैं।
संप्रक्षण गृह में बंद है खुशी दुबे
बता दें कि खुशी दुबे इस वक्त बाराबंकी जिले के संप्रक्षण गृह में बंद है। खुशी को 14 सितंबर, 2020 को यहां लाया गया था, तब से वह यहां रह रही थी। खुशी की अमर दुबे से 29 जून, 2020 को शादी हुई थी। इसके बाद 2 जुलाई, 2020 को बिकरू में पुलिस टीम पर हमला करने में आरोपी पाए गए अमर दुबे को पुलिस मुठभेड़ में आठ जुलाई को मार दिया गया था। इसके बाद 10 जुलाई को एसटीएफ की टीम ने विकास दुबे का एनकाउंटर कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications