किसानों से मिलने अयोध्या जा रहे थे अजय कुमार लल्लू, बाराबंकी पुलिस ने लिया हिरासत में
लखनऊ। किसानों से मिलने अयोध्या जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को बाराबंकी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने उन्हें लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में रखा है। हालांकि, वह जाने पर अड़े हुए हैं। तो वहीं, अजय कुमार लल्लू का कहना है कि यूपी सरकार कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन वो हमेशा सच का साथ देते रहेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा सरकार को दमनकारी सरकार बताया है।
Recommended Video

दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू धरमपुर व रायबरेली फोरलेन के किनारे रह रहे पीड़ित किसानों से मुलाकात करने जा रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें हाईवे पर चौपुला के पास रोक लिया। इस दौरान उनको हिरासत में लेकर डाक बंगले लाया गया, जहां वह अंदर अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष को रोके जानकारी होने पर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गेस्ट हाउस में ही धरने पर बैठ गए। प्रदेश अध्यक्ष भी उनके साथ कुछ देर के लिए बैठे बाद में गेस्ट हाउस में अधिकारियों से वार्ता करने लगे। वार्ता चल रही है। उनके साथ कांग्रेस नेता तनुज पुनिया, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पटेल भी आए हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने और मनमानी करने का आरोप लगाया। कहा, अयोध्या में हवाई पट्टी से रायबरेली तक हाईवे निर्माण में किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है, जिसका मुआवजा बहुत कम दिया जा रहा है। धारा 144 का हवाला देकर पीड़ित किसानों से मिलने पर रोक लगाई जा रही है। किसानों की आवाज दबाई जा रही है। उनसे मिलने और संवाद करने पर रोक लगाई जा रही है। लेकिन, हम किसानों से मिलेंगे और उनकी आवाज को सड़क से संसद तक उठाने का काम करेंगे।
किसानों से मिलने से रोकने से नाराज लल्लू ने भाजपा पर दमन की राजनीति करने और इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया। प्रदेश अध्यक्ष के रोके जाने की सूचना पर वहां काफी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एकत्र हो गए हैं, जबकि अफसरों का कहना है कि उनको नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं नजरबंदी के बावजूद कांग्रेस के अयोध्या जिलाध्यक्ष धर्मपुर गांव पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ सभा करने लगे। धर्मपुर गांव में ग्रामीण जमीन अधिग्रहण में असमानता को लेकर नाराज हैं।












Click it and Unblock the Notifications