Siddaramaiah Oath Ceremony: कर्नाटक में 'कांग्रेस राज', सिद्धारमैया सीएम और डीके शिवकुमार बने डिप्टी सीएम
Karnataka CM Swearing-In Ceremony: सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की शपथ ग्रहण के साथ ही कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार का गठन हो गया है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने दोनों नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

Karnataka New CM Siddaramaiah: सिद्धारमैया दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में सिद्धारमैया को सीएम पद की शपथ दिलाई।
सिद्धारमैया के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भी पद और गोपनीयात की शपथ ली। डीके शिवकुमार प्रदेश की सिद्धारमैया सरकार में डिप्टी सीएम के तौर पर शामिल रहेंगे। आपको बता दें कि सिद्धारमैया कर्नाटक की वरुणा और डीके शिवकुमार कनकपुरा विधानसभा सीट से विधायक हैं।
कौन-कौन विधायक बने मंत्री?
सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के अलावा कांग्रेस के आठ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। जिन आठ विधायकों ने मंत्री के तौर पर शपथ ली, वो हैं- जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे, रामलिंगा रेड्डी और बीजेड जमीर अहमद खान।
राहुल-प्रियंका के साथ शामिल हुए कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम
कर्नाटक सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। राहुल गांधी और प्रियंका का स्वागत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने किया। वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल हुए।
विपक्ष के नेताओं में कौन कौन शामिल हुआ
इनके अलावा विपक्ष के नेताओं में आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, नेशनल कांफ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, अभिनेता और मक्कल निधि मय्यम के अध्यक्ष कमल हासन शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बने।
विधानसभा चुनाव में भाजपा-कांग्रेस को कितनी सीटें मिलीं?
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 224 में से 135 सीटों पर जीत मिली है। जबकि, भारतीय जनता पार्टी के खाते में 66 सीटें गई हैं। इनके अलावा जेडीएस को 19 और अन्य को चार सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस की इस जीत का श्रेय पार्टी नेता काफी हद तक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications