बैंगलोर ATM लूट में पुलिस ने किया 1 लाख रु. ईनाम का ऐलान

एटीएम में महिला बैंक मैनेजर पर जानलेवा हमला करने वाले अज्ञात हमलावर पर पुलिस ने 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की। बेंगलुरू पुलिस आयुक्त राघवेंद्र औरादकर ने यहां पत्रकारों को इस बात की जानकारी की और कहा कि बैंक मैनेजर ज्योति उदय पर हमला करने वाले व्यक्ति के बारे में सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इससे पहले दिन की शुरुआत में अपुष्ट खबर में कहा गया था कि हमलावर ने पीड़िता का मोबाइल आंध्र प्रदेश, अनंतपुर जिले के हिंदूपुर में एक मोबाइल रीचार्ज की दुकान पर बेचा है। औरादकर ने कहा, "हमें पड़ोसी राज्यों की पुलिस से पता चला है कि रीचार्ज की दुकान के मालिक ने एक अज्ञात व्यक्ति से वह मोबाइल खरीदा है। खरीदार से हमलावर के बारे में पूछताछ की जा रही है।"
इस वारदात की पड़ताल के लिए गठित आठ टीमों में से एक टीम उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जो संभवत: वारदात के समय एटीएम के बाहर नजर रखे हुए था। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस वारदात में हमलावर के साथ कोई और शामिल था या नहीं।"
वहीं सिर, चेहरे और नाक पर छुरे से हमले में घायल हुईं 44 वर्षीया ज्योति की हालत में सुधार हो रहा है। उधर, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने महिला बैंक अधिकारी पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने बैंकों से अपने उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications