कर्नाटक में एक ही कॉलेज के 65 से ज्यादा स्टूडेंट कोरोना संक्रमित, मचा हड़कंप
कर्नाटक में कोरोना वायरस से संक्रमित मिले ये सभी छात्र-छात्राएं केरल से लौटे थे।
नई दिल्ली, 2 सितंबर: केरल और महाराष्ट्र के बाद अब कर्नाटक में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ने लगा है। गुरुवार को कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने बताया कि कोलार के केजीएफ कॉलेज ऑफ डेंटल साइंस एंड हॉस्पिटल में 65 से भी ज्यादा छात्र-छात्राएं कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। ये सभी छात्र-छात्राएं केरल से लौटे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस मामले में जांच और कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं। इससे पहले बुधवार को इसी कॉलेज में 32 छात्र-छात्राएं कोरोना वायरस से संक्रमित मिले थे।

हालांकि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर ने कहा कि राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद केरल से कर्नाटक आने वाले छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया, 'बुधवार को राज्य में एक दिन के अंदर कोरोना वायरस के करीब 12 लाख टीके लगाए गए। सरकार ने बॉर्डर से सटे जिलों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केरल से लगी राज्य की सीमा के 20 किमी के दायरे के भीतर स्थित गांवों में 100 फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया जाए। इसके लिए लगातार टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाई जा रही है।'
'हॉस्टल में ही क्वारंटाइन होंगे छात्र'
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा, 'सरकार ने इस बात को भी महसूस किया कि केरल से लौटने वाले छात्रों के लिए एक हफ्ते का क्वारंटाइन बहुत कठिन है और इससे उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ेगा। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने संबंधित शिक्षण संस्थानों को कॉलेज परिसर के अंदर ही उपलब्ध हॉस्टल में उन्हें क्वारंटाइन करने का निर्देश दिया है।'
केरल में नहीं रुक रही कोरोना की रफ्तार
आपको बता दें कि देश में एक बार फिर से कोरोना वायरस के मामलों में इजाफा हुआ है। हालांकि संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले केरल में ही सामने आ रहे हैं। गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के 47092 नए मामले मिले, जिनमें से 32803 केस अकेले केरल में रिकॉर्ड किए गए। वहीं, पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस से हुई 509 मौतों में से 173 मौतें भी केरल में ही दर्ज हुईं।












Click it and Unblock the Notifications