'क्या हम 17वीं सदी में वापस जा रहे हैं', महिला को निर्वस्त्र कर खंभे से बांधने पर कर्नाटक HC ने जताई नाराजगी
Karnataka High Court: कर्नाटक में सरकार और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रही है। एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में अब हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए नाराजगी जताई है।
राज्य के बेलगावी जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना पर हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कड़ी नाराजगी जाहिर की है। जिले के एक गांव में महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इसके बाद उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया और बिजली के खंभे से बांध दिया।

इस पूरे मामले पर कर्नाटक हाई कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए उसे 'असाधारण मामला' करार दिया और कहा कि इस मामले में सख्ती से निपटा जाएगा। इसी के साथ हाई कोर्ट ने सवाल किया कि क्या हम 21वीं सदी में जा रहे हैं या 17वीं सदी में वापस लौट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 11 दिसंबर की सुबह जब महिला का बेटा एक लड़की के साथ भाग गया था, जिसकी सगाई किसी और से होने वाली थी, तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई, उसे नग्न कर घुमाया गया और बिजली के खंभे से बांध दिया गया।
एक खंडपीठ ने बेलगावी के पुलिस आयुक्त के साथ सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) को अतिरिक्त रिपोर्ट दाखिल करने के लिए 18 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया।
महाधिवक्ता ने गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश प्रसन्ना बी वराले और न्यायमूर्ति कृष्ण एस दीक्षित की खंडपीठ के समक्ष घटना पर की गयी कार्रवाई से संबंधित एक ज्ञापन और कुछ दस्तावेज रखे।
हालांकि अदालत ने कहा कि रिपोर्ट कमजोर पड़ रही है। कोर्ट ने कहा कि कम से कम हम यह कह सकते हैं कि घटना के बाद जिस तरह से चीजें हुईं, उससे हम संतुष्ट नहीं हैं। एजी ने अतिरिक्त रिपोर्ट जमा करने के लिए कुछ समय मांगा है।
वहीं जब एजी ने प्रस्तुत किया कि एसीपी मामले की जांच कर रहे थे, तो हाई कोर्ट ने आयुक्त और एसीपी को उपस्थित होने और अतिरिक्त रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।
हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी
हाईकोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। घटना पर गंभीर आपत्ति जताते हुए कोर्ट ने कहा, "यह हम सभी के लिए शर्म की बात है। आजादी के 75 साल बाद हम इस स्थिति की उम्मीद नहीं कर सकते। यह हमारे लिए एक सवाल है कि क्या हम 21वीं सदी में जा रहे हैं या 17वीं सदी में वापस जा रहे हैं?"












Click it and Unblock the Notifications