'हैरानी बात ये है कि इस बार कांग्रेस EVM को दोष नहीं दे रही है...', कर्नाटक नतीजों पर BJP का वायरल हुआ ट्वीट
karnataka election results 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, "लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

कांग्रेस ने कर्नाटक में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस पार्टी ने 224 सदस्यीय विधानसभा सीटों में 113 सीटों पर जीत दर्ज कर लिया है। भारत निर्वाचन आयोग के नवीनतम रुझानों के मुताबिक कांग्रेस ने 114 सीटों पर जीत हासिल की है और 22 और सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस की इस जीत पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बधाई के साथ-साथ तंज भी कसा है।
भाजपा नेता और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट कर लिखा, ''हैरानी की बात है कि इस बार कांग्रेस में कोई भी ईवीएम को दोष नहीं दे रहा है।'' असल में कांग्रेस कई बार पिछली चुनावों में अपनी हाल के लिए ईवीएम को दोषी ठहरा चुकी है।
अमित मालवीय ने अपने एक अन्य ट्वीट में लिखा, '' बीजेपी कर्नाटक में नीचे हो सकती है लेकिन बाहर नहीं। 2018 और 2023 के बीच बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस के तुलनात्मक वोट शेयर पर एक नजर डाल लीजिए। बीजेपी का वोट शेयर 2018 में 36.2% था, जो अब घटकर 35.8% हो गया है, जो मात्र 0.4% की गिरावट है। दूसरी ओर कांग्रेस का वोट 4.8% बढ़कर 38.1% से 42.9% हो गया है। जेडीएस को 4.9% का भारी नुकसान हुआ है, जो 18.3% से घटकर 13.4% हो गया है, जो लगभग पूरी तरह से कांग्रेस के पास चला गया है।''
अमित मालवीय ने आखिर में लिखा, ''इस चुनाव में कांग्रेस को सबसे बड़ा फायदा ओल्ड मैसूर रीजन से भी मिला है। डेटा में मामूली बदलाव हो सकता है लेकिन यह व्यापक दिशा है।''
कर्नाटक में बाकी पार्टियों का क्या है हाल?
भारतीय जनता पार्टी ने 50 सीटें जीती हैं और 14 पर आगे चल रही है। जद (एस) ने 17 सीटें जीती हैं और तीन पर आगे चल रही है। निर्दलीयों ने दो सीटें जीती हैं जबकि कल्याण राज्य प्रगति पक्ष और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष ने एक-एक सीट जीती है।
कर्नाटक में 10 मई को चुनाव हुए थे और मतदान प्रतिशत 72.68 प्रतिशत रहा था। जोरदार टक्कर वाले चुनाव में विधानसभा सीटों के लिए मतगणना शुरू होने पर सुबह से ही कांग्रेस ने बढ़त बनाए रखी थी। एग्जिट पोल में भी कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही थी।












Click it and Unblock the Notifications