कर्नाटक: खड़गे के सीएम बनने पर डीके शिवकुमार का बयान, कहा- मैं काम करने को तैयार
कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा कि अगर खड़गे सीएम बनते हैं तो वह उसके साथ काम करने के लिए तैयार हैं।

कर्नाटक में एक महीने के भीतर विधानसभा चुनाव होने वाले है। ऐसे में राज्य की सियासत पूरी तरह से बदली हुई है। पक्ष विपक्ष दोनों की पार्टियों के अंदर अलग ही माहौल बना हुआ है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्धारमैया के बीच चल रही खींचतान के बीच अब शिवकुमार ने सीएम को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
कर्नाटक कांग्रेस चीफ ने कहा है कि अगर विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्य के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो वह उनके अधीन काम करने के लिए तैयार हैं, हालांकि खड़गे की मौजूदा जिम्मेदारियों को देखते हुए इसकी संभावना बहुत कम है।
शनिवार को खड़गे के राज्य की राजनीति में मुख्यमंत्री के रूप में लौटने की संभावना के बारे में एक सवाल पर डीके शिवकुमार ने कहा कि, "मल्लिकार्जुन खड़गे मेरे नेता हैं। वह मेरे अध्यक्ष हैं। मुझसे 20 साल सीनियर हैं। हमें उनकी वरिष्ठता और बलिदान का सम्मान करना होगा। उनके कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने की स्थिति में मैं उनके साथ काम करने को तैयार हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "वह हमारे प्रदेश और देश के लिए एक एसेट की तरह हैं। पार्टी जो भी फैसला लेगी, मैं उसका पालन करूंगा।" इस दौरान खड़गे के पार्टी के लिए किए कामों को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें सीएम बनाया जाता है तो मैं खुशी से काम करूंगा।
सीएम फेस अभी फाइनल नहीं
बता दें कि चुनाव की तारीख की घोषणा के बाद खड़गे ने संकेत दिए थे कि कांग्रेस मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा नहीं करेगी। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि इसका फैसला चुनाव के बाद होगा। चुनाव के बाद निर्वाचित विधायकों की राय ली जाएगी। आलाकमान राजनीतिक रणनीतियों के आधार पर तय करेगा कि किसे (मुख्यमंत्री) बनना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications