बांदा: घर में घुसकर बंदूक की नोंक पर दलित किशोरी से दुष्कर्म
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दलित किशोरी के साथ घर में घुसकर बंदूक की नोंक पर कथित रूप से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। लेकिन पुलिस ने आरोपी को थाने से छोड़ दिया। साथ ही पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर भी दर्ज नहीं की। अब एसएसपी की दखल के बाद मंगलवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

न्यूज़ 18 की खबर के अनुसार, मामला बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बउवा सिंह नामक युवक ने 16 वर्षीय किशोरी के घर में घुसकर तमंचे के बल पर उससे बलात्कार किया। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने आरोपी युवक को मौके पर पकड़ लिया था और पुलिस को सौंप दिया। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने आरोपी युवक को थाने से छोड़ दिया। साथ ही मामले में समझौता करने का दबाव बनाया।
पीड़िता के परिजनों की मानें तो उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से सम्पर्क किया और मामले की शिकायत की। जिसके बाद बिसंडा थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की। वहीं, बबेरू के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना पांच-छह दिन पुरानी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मंगलवार की शाम मुकदमा दर्ज किया। फिलहाल आरोपी युवक अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications