Ballia में बोले नितिन गडकरी, 2024 के अंत से पहले यूपी की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को बलिया पहुंचे। बलिया में उन्होंने 5320 करोड़ की लागत से बनने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे समेत अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री सोमवार को Ballia पहुंचे। बलिया में उन्होंने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का शुभारंभ किया। बलिया के चितबड़ागांव में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने वादा किया कि वर्ष 2024 के अंत तक यूपी की सड़कें और रास्ते व इंफ्रास्ट्रक्चर अमेरिका जैसी हो जाएगी। आगे उन्होंने यह भी कहा कि मैं कभी झूठ नहीं बोलता हूं और जो वादा कर रहा हूं उसे हर हाल में निभाऊंगा।

5320 करोड़ की लागत से बनेगा एक्सप्रेसवे
सोमवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 6500 करोड़ रुपए के निवेश से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे समेत सात राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण है जो 5320 करोड़ रुपए में बनकर तैयार होगा। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण राजमार्गों का भी केंद्रीय परिवहन मंत्री द्वारा शिलान्यास और उद्घाटन किया गया।
बलिया से एक घंटे में पहुंच जाएंगे पटना
मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय परिवहन मंत्री ने कहा कि साल 2014 के पहले जहां 7000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण हुआ था वहीं वर्ष 2014 से वर्ष 2030 तक 14000 किलोमीटर से अधिक सड़क बन जाएगी। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक बलिया से पटना जाने में लोगों को 4 घंटे से भी अधिक समय लगता है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बन जाने के बाद लोग एक घंटे में बलिया से पटना पहुंच जाएंगे। परिवहन मंत्री के संबोधन के दौरान मौजूद लोगों द्वारा जमकर तालियां बजाई गई।
134 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे का निर्माण
5320 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाले इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण हो जाने के बाद बलिया समेत पूर्वांचल के कई जनपदों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। लखनऊ, दिल्ली और बिहार के बीच आवागमन के दौरान लोगों को काफी आसानी होगी। बलिया और गाजीपुर से गुजरने वाला यह एक्सप्रेस वे साल 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इस एक्सप्रेसवे के अलावा परिवहन मंत्री द्वारा कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
केंद्रीय मंत्री को गदा और मुकुट भेंट किया गया
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को दोपहर में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं ने उनकी अगवानी की। अगवानी के बाद वह बलिया के लिए प्रस्थान किए। बलिया के चितबड़ागांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया गया। वही पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी द्वारा उन्हें गदा और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। बलिया में आयोजित कार्यक्रम मैं उद्घाटन और शिलान्यास करने और लोगों को संबोधित करने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जौनपुर के लिए प्रस्थान कर गए। जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केंद्रीय परिवहन मंत्री सोमवार देर शाम वापस लौट गए।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications