Encounter in Ballia: डबल मर्डर का एक आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, मुठभेड़ में पकड़ा गया शिवम राय
Encounter in Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के नरही थाना क्षेत्र में नए साल पर हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि एनकाउंटर में पकड़े गए आरोपी का नाम शिवम राय है। यह एनकाउंटर थाना क्षेत्र के बघौना गांव के पास हुआ। आरोपी शिवम राय के पैर में गोली लगी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए एसपी द्वारा पुलिस टीम का गठन किया गया था। गठित पुलिस टीम हत्यारों की धरपकड़ के लिए लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान पकड़े गए कुछ लोगों द्वारा बताया गया कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी बघौता पुलिया के समीप मौजूद है। ऐसे में पुलिस टीम वहां पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने के बाद एक व्यक्ति आते हुए दिखाई दिया।
पुलिस टीम द्वारा जब उसे रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा। भागते हुए वह पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस टीम द्वारा उसे फायरिंग करने से मना किया गया लेकिन वह लगातार पुलिस टीम को लक्ष्य बनाकर फायरिंग करता रहा।
ऐसे में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम उसके पास पहुंची और उसका नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम शिवम राय पुत्र उमेश राय निवासी नरायनपुर बताया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि 1 जनवरी को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नरायनपुर के पास डबल मर्डर को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा खोखा और जिंदा कारतूस बरामद करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद किया है।
घायल अभियुक्त को इलाज हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जिला चिकित्सालय में आरोपी का इलाज चल रहा है। वहीं स्थानीय थाने द्वारा उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा बताया गया कि आरोपी के खिलाफ बलिया और गाजीपुर के विभिन्न स्थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications