दोस्त की जान बचाने के लिए खुद की जान गंवा दी, तीन बच्चों में एक जिंदा बचा
बहराइच। यूपी के बहराइच में एक गांव के निकट खदान के गड्ढे में भरे पानी में नहाते समय दो बच्चे डूबने लगे। डूब रहे एक बच्चे को किनारे खड़े दूसरे बालक ने बचा लिया। लेकिन, असंतुलित होकर वह भी डूब गया। एक बालक के शव को गांव के लोगों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब से निकाल लिया है। जबकि दूसरे बालक के शव की तलाश की जा रही है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। गड्ढा गहरा होने के चलते जरवलरोड से गोताखोर बुलाए गए हैं।

दरगाह थाना अंतर्गत चैतूपुरवा गांव के निकट राजू भट्ठा के पास गड्ढों में पानी भरा हुआ है। यहां पर बालू और मिट्टी की खदान होती है। भारी बारिश के दौरान गड्ढे से लबालब पानी भरा हुआ था। इन गड्ढों की गहराई लगभग 20 से 25 मीटर है। बुधवार शाम को गांव निवासी सद्दाम (8) व राजू (9) अपने दोस्त तबरेज के साथ गड्ढे के पास खेलने चले गए। फिर उमस होने के चलते सद्दाम और राजू नहाने के लिए उतर गए। तभी पैर फिसलने से सभी गहरे पानी में डूबने लगे। किनारे खड़े तबरेज ने डूब रहे राजू को किसी तरह कूदकर निकाल लिया। लेकिन असंतुलित होकर वह खुद डूब गया।

चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े लेकिन, तब तक सद्दाम और तबरेज डूब चुके थे। आनन-फानन में गांव के लोग जुट गए और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। सूचना पाकर सीओ सिटी टीएन दूबे, दरगाह थानाध्यक्ष डीके श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सद्दाम के शव को बाहर निकाला गया लेकिन, तबरेज का पता नहीं चल सका है। सीओ सिटी ने बताया कि खदान के चलते तालाब नुमा गड्ढा काफी गहरा है। इसके चलते स्थानीय गोताखोरों को दिक्कत हो रही है। जरवलरोड से गोताखोर बुलाए गए हैं। एनडीआरएफ टीम के जवानों को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया है। उधर दो बच्चों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी माहौल गमगीन है।












Click it and Unblock the Notifications