Bahraich News: लखनऊ हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना, कार के परखच्चे उड़े, पांच की जान गई
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लखनऊ हाईवे पर कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के करीम बेहड़ इलाके में तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे में घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि मटेरा थाना क्षेत्र के मटेरा चौराहा निवासी अबरार (28) अपने पिता गुलाम हजरत (65) की दवा लेने कार से लखनऊ जा रहा था। उसके साथ उसकी पत्नी रुकैया (25), मां फातिमा (55) और एक माह की बेटी हानिया भी मौजूद थी।
कैसरगंज की ओर से तेज गति से आ रहे डंपर ने गुप्ता ढाबा के पास कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार गुलाम हजरत, फातिमा, अबरार, चांद और हानिया की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बची महिला की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में अबरार की पत्नी रुकैया गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर करने की तैयारी कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर यातायात सुचारू कराया। इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से इलाके में मातम छा गया है। मृतकों के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदार और आसपास के लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications