Bahraich News: पांच बच्चों पर अचानक गिरी मिट्टी की दीवार, तीन की दर्दनाक मौत, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बहराइच में कच्चे घर के पास खेल रहे पांच बच्चों पर मिट्टी की दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए।
हादसे के बाद मरने वाले बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने मृत बच्चों के शव को कब्जे में लेने के लिए परिजनों से बात की लेकिन परिजनों ने पीएम कराने से इंकार कर दिया।

यह पूरा मामला रुपईडीहा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव के सलारपुर मजरे की है। बताया जा रहा है कि सलारपुर के रहने वाले वारिस अली का गांव में काफी पुराना कच्चा मकान है। उसी मकान के समीप गुरुवार दोपहर में गांव के ही रहने वाले बच्चे खेल रहे थे।
उसी समय आचानक वह दीवार ढह गई। दीवार ढहने के चलते उसके मलबे में मुख्तार और अफ्तार नामक दो सगे भाई और मेराजुद्दीन‚ नसरुद्दीन और इमामुद्दीन नामक चार बच्चे दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे।
उसके बाद उन्हें पता चला कि मलबे में पांच बच्चे दबे हुए हैं। जानकारी होते ही वहां पहुंचे ग्रामीण मलबा हटाने लगे उसके बाद कड़ी मशक्कत कर ग्रामीणों ने मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक मुख्तार और अफ्तार नामक दो भाईयों की मौत हो गई थी। इसके अलावा उपचार के लिए ले जाते समय नसरुद्दीन की भी मौत हो गई।
घायल इमामुद्दीन और मेराजुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के बाद उन्होंने अधिकारियों को जानकारी दी। एसडीएम नानपारा अजीत परेश भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।












Click it and Unblock the Notifications