Bahraich: सरयू नदी में एक ही परिवार के 3 डूबे, एक दुसरे को बचाने में पिता-पुत्र और भतीजे की मौत
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार को नदी में नहाने के दौरान पिता-पुत्र और भतीजे की डूबने से मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खेत जाते समय नहाने रुके थे तीनों
दरअसल, पूरा मामला बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक पिता अपने बेटे और भतीजे के साथ खेत जा रहा था। इसी दौरान गर्मी के कारण तीनों नदीं में नहाने के लिए पानी में उतर गए। तभी बेटा गहरे पानी की ओर चला गया, जिसे बचाने के चक्कर में तीनों की डूबकर मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

एक दूसरे को बचाने में गई जानें
बता दें कि मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बगहा के मजरा सरपंचपुरवा निवासी कमलेश मिश्रा (41) का खेत सरयू नदी के उस पार है। बुधवार शाम वे बेटे प्रांजल मिश्रा (16) और भतीजे उत्कर्ष मिश्रा (17) के साथ नदी के पार खेत जा रहे थे। इस दौरान उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए तीनों नदी में नहाने लगे। तभी कमलेश का बेटा प्रांजल गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। जिसे बचाने के लिए कमलेश और उत्कर्ष भी गहरे पानी में चले गए। इससे तीनों नदी में डूब गए।

गांव में पसरा मातम, परिजन हुए बदहवास
वहीं मोतीपुर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों को बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों की एक साथ मौत की सूचना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। वहीं परिजन बदहवास हो गए है। इसके आलावा प्रभारी थानाध्यक्ष मोतीपुर अशोक चतुर्वेदी ने कहा कि तीनों शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications