प्रेमी युगल के लिए रात में थाने में लगा मंडप, जयमाला पहनाकर दोनों ने खाई साथ जीने-मरने की कसमें
बागपत। यूपी के बागपत में पुलिस ने एक प्रेमी युगल की थाने में ही शादी करवा दी। दरअसल, मर्जी के खिलाफ शादी तय होने से लड़की घर छोड़कर भाग गई थी। परिजनों ने थाने में सूचना दी, पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया। मामले की सूचना मिलते ही प्रेमी भी थाने पहुंच गया। इसके बाद देर रात में ही दोनों परिवारों की रजामंदी से थाने में दोनों की शादी संपन्न करवा दी गई। एसपी ने कहा कि थाने में जयमाला का रिवाज किया गया है, बाकी के रीति-रिवाज परिजन घर पर करेंगे।

क्या है पूरा मामला
दरअसल, थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र के हिसावदा गांव की 21 वर्षीय युवती नीशू और निरोजपुर गुर्जर गांव पुनीत का पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार शाम दोनों घर से गायब हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने शिकायत थाने में की थी। रविवार देर शाम पुलिस ने युवती नीशू को शोभापुर गांव से बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक लड़के से प्यार करती है, लेकिन उसके परिजन उसकी शादी कहीं और कर रहे थे। इस वजह से वह घर से चली गई।
थाने में हुई शादी, दोनों ने खाई साथ जीने मरने की कसमें
युवती के पकड़े जाने की सूचना पर लड़का पुनीत भी थाने आ गया और दोनों के परिजन भी थाने आ गए। दोनों को बहुत समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने, जिसके बाद दोनों की जिद के आगे परिजनों को झुकना पड़ा। सिंघावली अहीर थाने में ही पंडित को बुलवाया गया और थाने के प्रांगण में ही दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाकर साथ-जीने मरने की कसमें खाई। एसपी गोपेंद्र यादव के मुताबिक, दोनों लोग बालिग हैं जिसके चलते परिवार की सहमति से दोनों ने थाने में एक दूसरे से जयमाला की रस्म कराई गई है और घर भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications